महिला सरपंचको ‘घसीट-घसीट’कर पीटा, ‘एनसीपी’ नेताकी अशिष्टताका दृश्यपट सार्वजनिक
४ सिंतबर, २०२१
महाराष्ट्रके पुणेसे राष्ट्रवादी कांग्रेस दलके (NCP) कार्यकर्ताकी अशिष्टता सामने आई है । पुणेके एक टीकाकरण केन्द्रपर (वैक्सीनेशन सेंटर) ‘एनसीपी’ कार्यकर्ताद्वारा एक महिला सरपंचकी निर्दयतासे पिटाई करनेकी घटनाका समाचार सार्वजनिक हुआ है । घटनाका दृश्यपट ‘सोशल मीडिया’पर सार्वजनिक हो गया है ।
‘एएनआई’के एक प्रतिवेदनके (रिपोर्टके) अनुसार, ‘एनसीपी’के कार्यकर्ता सुजीत कलभोरद्वारा निर्दयतासे पीटी गई महिला सरपंच गौरीने कहा, “मुझे अभीतक न्याय नहीं मिला है । सुजीत कालभोरने मुझे पीटा । सरपंच जब अच्छा कार्य कर रही है तो उसके साथ मारपीटकी जा रही है । राकांपा कार्यकर्ताओंने एक महिलापर हाथ उठाया है ।”
‘सोशल मीडिया’पर सार्वजनिक दृश्यपटमें स्पष्ट रूपसे देखा जा सकता है कि सुजीत कलभोर महिला सरपंच गौरीको, भूमिपर पटककर उसे पीटता है एवं उसे घसीटता भी है । दृश्यपटमें दो महिलाएं भी वहांपर देखी जा सकती हैं, जो कि इस घटनाके पश्चात महिला सरपंचकी आरोपितसे रक्षा करते हुए देखी जा सकती हैं ।
इस प्रकरणमें पीडिता सरपंच गौरी गायकवाडने ‘पुलिस’में परिवाद प्रविष्ट किया है । वहीं, ‘पुलिस’ने महिला सरपंच तथा उनके ३ सहयोगियों एवं सुजीत कलभोरके विरुद्ध २ पृथक-पृथक प्राथमिकियां प्रविष्ट की हैं ।
सत्ताके मदमें चूर, ‘एनसीपी’के नेताद्वारा एक महिला सरपंचसे की गई हिंसा, यह दर्शाती है कि उनके शासनमें महिलाओंकी क्या स्थिति है ? दलके प्रमुख नेताओंको त्वरित इस घटनाका संज्ञान लेकर, सुजीत कलभोरको दलसे निष्कासित करना चाहिए एवं महिलाके साथ जो निर्दयता की गई है, उसके लिए आरोपीको कारागृहमें डालना चाहिए; परन्तु क्या ‘एनसीपी’ और उद्धव शासन यह करेगा ? सम्भवतः नहीं । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
स्रोत : ऑप इंडिया
Leave a Reply