छत्तीसगढमें मृत बेटीके शवको कन्धेपर लाद १० किलोमीटर चला पिता, स्वास्थ्य केन्द्रपर आरोप – अनुचित ‘इंजेक्शन’ लगानेसे हुई मृत्यु
२६ मार्च, २०२२
छत्तीसगढके सरगुजासे कांग्रेस शासनकी अमानवीय और एक पिताके हृदयको आघात पहुंचनेवाली घटना सामने आई है ।
बताया जा रहा है कि सरगुजा जनपदके लखनपुर गांवमें एक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र है, जहां शुक्रवार (२५ मार्च २०२२) सवेरे एक बच्चीकी मृत्यु हो गई थी । अधिकारियोंका कहना है कि स्वास्थ्य केन्द्रपर वाहन पहुंचनेके पूर्व ही उसके पिता शव लेकर चले गए । उन्होंने बताया कि अमदला गांवके रहनेवाले ईश्वर दास अपनी रुग्ण बेटी सुरेखाको सवेरे तडके लखनपुर ‘सीएचसी’ लाए थे ।
ईश्वर दासका कहना है कि चिकित्सालयकी ‘नर्स’ने उनकी बेटीको अनुचित ‘इंजेक्शन’ दे दिया, जिसके कारण उसके नाकसे निरन्तर रक्त बहने लगा और उसकी मृत्यु हो गई । दासका यह भी कहना है कि रोगी वाहन (एंबुलेंस) मंगानेमें चिकित्सालयके कर्मचारी टालमटोल कर रहे थे; इसलिए वे पैदल ही शवको लेकर चल दिए ।
दृश्यपट सामने आनेके पश्चात स्वास्थ्य मन्त्री सिंह देवने जनपदके मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारीसे प्रकरणकी जांचकर कार्रवाई करनेको कहा है ।
घटनाकी जितनी निन्दाकी जाए उतना अल्प है । आरोपीको चिह्नितकर उचित कार्यवाहीकी जानी चाहिए और ऐसा पुनः न हो, इस हेतु आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किया जाना चाहिए । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
स्रोत : ऑप इंडिया
Leave a Reply