कोलकाता में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को पुलिस ने गुरुवार को रैली करने की इजाजत नहीं दी। 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन आरएसएस ब्रिगेड परेड ग्राउंड में रैली करना चाहता था। इसके बाद संघ ने कहा कि वह इसके खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट जाएगा। बुधवार को हाई कोर्ट ने कोलकाता पुलिस को 24 घंटे का समय यह सोचने के लिए दिया था कि क्या संघ को रैली करने की इजाजत दी जाए या नहीं। इस रैली में सरसंघचालक मोहन भागवत के भी आने की उम्मीद थी। लेकिन एक दिन बाद ही पुलिस ने रैली की इजाजत देने से इनकार कर दिया। आरएसएस से किसी और तारीख पर रैली करने को कहा गया है। लेकिन संघ मूड बदलने को तैयार नहीं है। मकर संक्रांति के दिन स्वयंसेवक गणवेश में एक रैली करने वाले थे।
आरएसएस के बंगाल अध्यक्ष बिद्युत मुखर्जी ने कहा कि हम 1939 से कोलकाता में काम कर रहे हैं, लेकिन कभी प्रशासन की तरफ से एेसा दुश्मनी भरा रवैया नहीं देखा। पहले हमने भूकैलाश मैदान के बारे में पूछा था, लेकिन पुलिस ने इनकार कर दिया। इसके बाद हमने ब्रिगेड परेड ग्राउंड की इजाजत मांगी तो उसके लिए भी इनकार कर दिया गया।
दूसरी ओर दक्षिणी बंगाल में आरएसएस के सेक्रेटरी जिश्नू बासु के मुताबिक भूकैलाश मैदान में परेड की इजाजत न देते हुए पुलिस ने कहा कि यह बहुत छोटा है और भीड़ ज्यादा होने पर परेशानियां खड़ी हो सकती हैं। बिग्रेड परेड ग्राउंड के लिए पुलिस ने कहा कि यह बहुत बड़ा है। राज्य सरकार के एक अधिकारी के मुताबिक इस स्थिति पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्य सरकार बेहद करीबी नजर रखे हुए है। यह माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए आरएसएस राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहता है।
सौजन्यसे :www.jansatta.comm, Jan 13, 2017
Leave a Reply