जून २४, २०१८
पाकिस्तानी ‘तालिबान’ने मुल्ला फजलुल्लाहके स्थानपर मुफ्ती नूर वाली महसूदको अपना नया प्रमुख बनाया है । ‘नोबेल शान्ति पुरस्कार’ विजयेता मलाला यूसुफजईकी हत्या करनेका आदेश देने वाला, फजलुल्लाह इस माहके आरम्भमें अफगानिस्तानके कुनार प्रान्तमें एक अमेरिकी ‘ड्रोन’ आक्रमणमें मारा गया था । ‘पाकिस्तानी तालिबान’के (टीटीपी) प्रवक्ता मोहम्मद खुरासानीने बताया कि उनका नेता मारा गया था और तालिबान परिषदने महसूदको उसका उत्तराधिकारी बनाया है ।
टीटीपीसे जुडे सूत्रों ने बताया कि महसूद दक्षिणी वजीरिस्तानके तियारजा क्षेत्रका रहने वाला है और उसने पाकिस्तानके विभिन्न मदरसोंमें शिक्षा ली है । ऐसा समझा जाता है कि उसने ‘इंकलाब-ए-महसूद दक्षिण वजीरिस्तान: फिरंगी राजसे अमरीकी साम्राज्यतक’ नामक पुस्तक उर्दूमें लिखी है । अपनी पुस्तकमें उसने तालिबानकी ओरसे पहली बार कहा किया है कि रावलपिण्डीमें २००७ में पूर्व प्रधानमन्त्री बेनजीर भुट्टोकी हत्यामें ‘टीटीपी’के आतंकियोंकी संलिप्तता थी । नया नेता दक्षिण वजीरिस्तानमें २०१४ में एक ‘ड्रोन’ आक्रमणमें बच गया था, जिसमें आठ तालिबानी आतंकी मारे गए थे !
विवरणके अनुसार, मेहसूदने १९९० के दशकमें उत्तरी गठबन्धनके विरुद्ध अफगान तालिबानके लिए युद्ध किया था और पाकिस्तानी सुरक्षा बलोंके विरुद्ध आक्रमणमें भाग लिया था । नया नेता मुफ्ती नूर, ‘मेहसूद’ जनजातिसे आता है, जो उत्तर-पश्चिम पाकिस्तानमें उत्तर और दक्षिण वजीरिस्तानके जनजातीय प्रान्तोंपर दबदबा बनाए हुए है । यह भी माना जाता है कि मेहसूदके ‘हक्कानी’ संघके (नेटवर्क) साथ घनिष्ठ सम्बन्ध हैं, जिसने २००१ में अमेरिकाके नेतृत्व वाले आक्रमणके बाद अफगानिस्तानमें आक्रमण करवाए थे !
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply