जून २८, २०१८
मुगल शासक अकबरके बाद उत्तर प्रदेशके मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथने एक और मुगल शासक औरंगजेबपर लक्ष्य साधा है । उन्होंने कहा कि औरंगजेबने कश्मीरी पण्डितोंको धर्मान्तरणके लिए विवश किया था । लखनऊमें ‘बंजारा’ समुदायके लोगोंको सम्बोधित करते हुए मुख्यमन्त्रीने बुधवारको यह बात कही ।
आदित्यनाथने कहा कि मुगल सम्राटका जब अत्याचार आरम्भ हुआ तो औरंगजेबसे मुक्ति पानेके लिए कश्मीरी पण्डितोंका एक समूह गुरु तेग बहादुरके पास दिल्लीमें आता है और अपनी पीडा बताता है कि बलात हमारा धर्मान्तरण हो रहा है ।
कश्मीरी पण्डितोंने बताया कि हमें दबाया जा रहा है, अपमानित किया जा रहा है । गुरु तेग बहादुर सिखोंके नौवें गुरु थे । आदित्यनाथने कहा कि गुरु बहादुर कश्मीरी पण्डितोंकी सुरक्षामें आगे आए और उन्होंने कश्मीर पण्डितोंसे कहा कि औरंगजेबसे जाकर कहो कि धर्मान्तरणके लिए सज्ज (तैयार) हैं; लेकिन तभी जब उनके गुरु धर्मान्तरण करेंगे ! औरंगजेबको लगा यह बहुत आसान कार्य है और औरंगजेबने गुरु तेग बहादुरको बन्दी बनाकर, उन्हें यातनाएं देनी आरम्भ कर दी; लेकिन उन्हें विचलित नहीं कर पाया ।
मुख्यमन्त्रीने कहा कि उस समय ‘बंजारा’ समुदायके लोग गुरु तेग बहादुरके सम्मानमें खडे हुए थे; इसलिए ‘बंजारा’ समुदायके लोगोंको देश और समाजके लिए किए गए अपने पूर्वजोंपर गर्व करना चाहिए ।
अभी कुछ दिवस पूर्व ही आदित्यनाथने कहा था कि मुगल शासक अकबर ‘महान’ नहीं था और १६वीं शताब्दीके मेवाड राजा महाराणा प्रताप ‘महान’ थे । अरावलीकी पहाडियोंमें कई वर्षोतक युद्धके बाद महाराणा प्रतापने अपना राज्य पुनः विजयी किया था ।
स्रोत : आजतक
Leave a Reply