जुलाई १०, २०१८
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीरके शोपियां प्रान्तमें आज हुई भिडन्तमें सुरक्षाबलोंने दो आतंकियोंको मार दिया । वहीं एक कनिष्ठ कमीशन अधिकारी (जेसीओ) चोटिल हो गया । इस क्षेत्रमें ५ से ६ आतंकवादियोंके छिपे होनेकी सूचना थी । आधिकारिक सूत्रोंने बताया कि शोपियांके कुण्डलान गांवमें आतंकवादियोंके छिपे होनेकी गुप्त सूचना मिलनेपर ‘३४ राष्ट्रीय राइफल्स’, राज्य पुलिसके विशेष अभियान दल और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बलके जवानोंने एक संयुक्त अन्वेषण अभियान आरम्भ किया ।
उन्होंने बताया कि जब सुरक्षा बल गांवकी घेराबन्दी करके उस क्षेत्र विशेष की ओर बढ रहे थे तो वहां छिपे आतंकवादियोंने उनपर स्वचालित शस्त्रोंसे गोलीबारी कर दी । इसमें एक जेसीओ चोटिल हो गया, जिसे बादामी बाग छावनीके ‘९२ बेस चिकित्सालय’में प्रविष्ट कराया गया है । सुरक्षा बलोंने भी प्रत्युत्तर दिया और अन्तिम विवरण आनेतक भिडन्त जारी थी । भिडन्त स्थलपर पथरावकी घटनाको रोकनेके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों और राज्य पुलिसके जवानोंको भेज दिया गया है ।
स्रोत : पंजाब केसरी
Leave a Reply