अगस्त ६, २०१८
छत्तीसगढके सुकमामें पुलिसको नक्सलियोंको मार गिरानेमें बडी सफलता मिली है । कोण्टाके नुलकातुंगके वनमें सोमवार प्रातः पुलिस और नक्सलियोंके मध्य भिडन्त हुई । भिडन्तके मध्य १४ नक्सली मारे गए ! जबकि एक महिला नक्सलीको चोटिल स्थितिमें डीआरजीके जवानोंने बन्दी बना लिया है ।
डीजीपी (नक्सल विरोधी) डी.एम. अवस्थीने बताया कि इस भिडन्तमें लगभग १६ नक्सलियोंके मारे जानेकी आशंका है, यद्यपि १४ नक्सलियोंके शव मिले हैं । वनमें अन्वेषण अभियान जारी है । यह भिडन्त नुलकातुंग गांवके निकट गोलापल्ली और कोण्टाके मध्य हुई । घटनास्थलसे १६ शस्त्र मिले हैं, जिनमें ४ स्वचालित शस्त्र, दो देसी बन्दूक और दर्जन भर अन्य बन्दूकें सम्मिलित हैं ।
डीजीपीके अनुसार पुलिसको यह सूचना मिली था कि गोलापल्ली-कोण्टाके मध्य बडी संख्यामें नक्सली एकजुट हुए हैं, जिसके पश्चात ही सुरक्षा बल रवाना हो गए । उस क्षेत्रमें दो स्थानोंपर नक्सल विरोधी अभियान जारी है ।
डीजीपी डी.एम अवस्थीके अनुसार सुकमामें दो भिन्न-भिन्न स्थानोंपर डीआरजी और एसटीएफके दल अभियान कर रही है । इनमे से एक स्थान गोलापल्लीमें अभियान समाप्त हो गया है । यहां सुरक्षा बलोंके दल नक्सलियोंके शवोंके साथ वापस अपने शिविरमें लौट रही है । उनके अनुसार एक महिला नक्सली भिडन्तमें चोटिल हुई है, उसे बन्दी बना लिया गया है ।
अवस्थीने इसी क्षेत्रसे कुछ दूरीपर एक और अभियानके जारी होनेकी सूचना दी है । गोपनीयताका वचन देकर उन्होंने उस स्थानका उजागर नहीं किया है । उन्होंने कहा कि ये दोनों ऐसे स्थान हैं, जहां अभीतक सुरक्षा बलोंने अभियान नहीं किया था । इसका लाभ उठाकर नक्सली इन क्षेत्रोंमें अपने शिविर संचालित कर रहे थे ।
छत्तीसगढके डीजीपी डी.एम. अवस्थीने वर्ष २०२२ तक राज्यसे पूर्ण रूपसे नक्सलवाद नष्ट होनेका दावा किया है । उन्होंने कहा कि अभी भी समय है, नक्सली शस्त्र डाले, वरना मरनेके लिए सज्ज रहें !
स्रोत : आजतक
Leave a Reply