अगस्त १२, २०१८
जम्मू कश्मीरके पूर्व मुख्यमन्त्री और सांसद फारूक अब्दुल्लाने न्यायाधीश गीता मित्तलकी मुख्य न्यायाधीशके रूपमें हुई नियुक्तिको लेकर बधाई दी । उन्होंने ‘३५ए’को लेकर दिए वक्तव्यमें कहा कि अन्तिम समयतक इसके लिए लडूंगा ! उन्होंने कहा कि इसके साथ हुई छेडछाडके पश्चात स्थिति काफी बिगड जाएगी !
राज भवनमें शपत ग्रहण समारोहके पश्चात पत्रकारोंसे बात करते हुए फारूकने कहा कि मैं अपनी ओर से जम्मू-कश्मीरकी प्रथम महिला मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तलको बधाई देता हूं और आशा हैं कि उनका कार्यकाल अच्छा रहे । उन्होंने एक प्रश्नके उत्तरमें कहा कि प्रत्येक वैधानिक पद संवेदनशील होता है और हम आशा करेंगे कि यह लोगोंको न्याय देंगी ।
इस मध्य ‘३५ए’को लेकर पूछे गए प्रश्नके उत्तरमें पहले तो फारूकने कहा कि ‘३५ए’को मारिये गोली, ‘३५ए’ तो चलता जाएगा; लेकिन जब बादमें पत्रकारोंने उनसे पूछा कि उन्होंने यह किस सन्दर्भमें कहा तो उन्होंने कहा कि ‘३५ए’को वह छेड नहीं सकते ऋ पहले भी दो बार संवैधानिक खण्डपीठने इसको लेकर वक्तव्य दिया हुआ है । उन्होंने कहा कि मुझे नहीं समझ आता कि यह बार-बार क्यों इसे छेडते हैं, जितना यह छेडेंगे, उतना रक्तपात होगा । डॉ फारूकने कहा कि मुझे लगता है समय आ गया है कि गसे छेडना छोड देना चाहिए ।
एक प्रश्नके उत्तरमें उन्होंने कहा कि उनको केवल कश्मीर स्मरण रहता है । हिमाचल, अरुणाचल और नागालैण्डके साथ कभी भी छेडछाड नहीं की जाती, केवल कश्मीर स्मरण रहता है । उन्होंने यह भी कहा कि जब तक मैं कब्रमें नहीं जाऊंगा, तबतक मैं लडता रहूंगा । यदि इसके साथ छेडछाड हुई तो वो स्थिति आप भी देखेंगे, दिल्ली भी देखेगी और फिर उनको सम्भालना मुश्किल हो जाएगा !
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply