अगस्त १८, २०१८
उत्तरी कश्मीरके सीमान्त प्रान्त कुपवाडाके टंगधार क्षेत्रमें सेनाने घुसपैठके प्रयासोंको असफल करते हुए तीन पाकिस्तानी आतंकियोंको मार गिराया ! दो आतंकी भाग निकले ! समूचे क्षेत्रमें अन्वेषण अभियान चलाया जा रहा है ।
टंगधारमें तैनात सेनाके जवानोंने शाम साढे चार बजे सीमापर सन्दिग्ध हलचल देखी । इस मध्य उन्होंने पाया कि पांच आतंकियोंका एक समूह घुसपैठका प्रयास कर रहा है । इस पर उन्होंने ललकारा तो आतंकियोंने जवानोंपर गोलीबारी आरम्भ कर दी ।
प्रत्युत्तर कार्यवाहीसे भिडन्त आरम्भ हो गई । इसमें तीन आतंकियोंको मार गिराए जानेकी सेनाने पुष्टि की है । सैन्य प्रवक्ताके अनुसार दो आतंकियोंके वापस पीओके भागनेकी सूचना है । तथापि समूचे क्षेत्रमें अन्वेषण अभियान चलाया जा रहा है ताकि यदि कोई आतंकी घुसपैठ करनेमें सफल रहा हो तो उसे ढूंढ निकाला जाए ।
ज्ञात है कि सूचना विभागने (इण्टेलिजेंस एजेंसी) यह बताया था कि सीमापर घुसपैठके प्रयासके लिए ६०० आतंकी बैठे हुए हैं । उन्हें घुसपैठके लिए पाकिस्तानी सेना सहायता कर रही है । यह सभी आतंकी सीमापर सेनाके ही पोस्टपर दृष्टि रखे हुए हैं । उन्हें घुसपैठके मध्य पाकिस्तानी सेनासे ‘कवर फायर’ भी दिया जा रहा है ।
सूत्रोंकी माने तो केवल टंगधरमें ७९ आतंकियोंकी गतिविधियां देखी गई हैं । इसके साथ ही केरनमें लगभग ११७ आतंकियोंकी गतिविधियोंकी सूचना है । इन सभी आतंकियोंको पाकिस्तानी सेनासे सहायता दी जा रही है ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply