अगस्त २४, २०१८
जम्मू-कश्मीरमें अनन्तनागके कोकरनागमें शुक्रवार सुबह सुरक्षा बलों और आतंकवादियोंके मध्य भिडन्तमें दो आतंकी मारे गए । पुलिस महानिदेशक एस.पी. वैद्यने बताया कि अनन्तनागमें कोकरनागके गडोले गांवमें भिडन्त चल रही है । वहां दो से तीन आतंकवादियोंके छिपे होने की सूचना है । उन्होंने बताया कि गोलीबारी अभी रुकी हुई है; लेकिन अन्वेषण अभियान जारी है । किसी भी प्रकारकी अफवाह फैलने से रोकनेके लिए सभी चलभाष उद्योगकी जालस्थल सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं । सुरक्षा कारणोंसे घाटीमें निरन्तर तीसरे दिवस ट्रेन सेवाएं भी स्थगित रहीं ।
आधिकारिक सूत्रोंने बताया कि गडोले गांवमें आतंकवादियोंके छिपे होनेकी गुप्त सूचना मिलनेपर राष्ट्रीय राइफल्स, राज्य पुलिसके विशेष कार्यवाही समूह (एसओजी) और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बलके (सीआरपीएफ) जवानोंने संयुक्त घेराबंदी और अन्वेषण अभियान चलाया । सुरक्षा बलोंके जवान जब आतंकवादियोंके स्थानकी ओर बढ रहे थे, तो आतंकवादियोंने स्वचालित शस्त्रोंसे गोलीबारी आरम्भ की । इसके पश्चात सुरक्षा बलोंने भी गोलीबारी आरम्भ की । आतंकवादियोंको भागनेसे रोकनेके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलोंको भिडन्त स्थलपर भेजा गया है । भिडन्तके समय किसी भी प्रकारके विरोध-प्रदर्शनसे निपटनेके लिए भिडन्त स्थलके पास भी पुलिसकर्मियों और अन्य सुरक्षा बलोंको तैनात किया गया है ।
स्रोत : पंजाब केसरी
Leave a Reply