सितम्बर १९, २०१८
मधुबनी : बिहार के विभिन्न देवालयों में स्थित बहुमूल्य प्रतिमाओं की चोरी की एक और घटना सामने आयी है । ताजा मामला बिहार के मधुबनी जिले के खिरहर थाना क्षेत्र का है । एक प्राचीन देवालय से मंगलवार की रात अष्टधातु की नौ बेशकीमती प्राचीन प्रतिमाएं चोरी हो गईं । पुलिस के अनुसार, भाला बैंगरा गांव स्थित रामजानकी मठ में रात चोरों से धावा बोल दिया और वहां सिंहासन पर रखी नौ प्रतिमाओं को चोरी कर ले गए ।
खिरहर के थाना प्रभारी शैलेश कुमार झा ने बुधवार को बताया कि रात देवालय के महंथ शत्रुघ्न दास के पुत्र नंदन कुमार द्विवेदी अन्य दिनों की तरह भगवान को भोग लगाकर देवालय का दरवाजा बंद कर वापस अपने घर लौट गए थे । सुबह जब वे पूजापाठ के लिए देवालय पहुंचे तो वहां से नौ प्रतिमाएं गायब मिली । इसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई ।
उन्होंने बताया कि देवालय की स्थिति काफी जर्जर है । उन्होंने बताया कि देवालय के पुजारी नंदन के बयान पर खिरहर थाना में चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है ।
चोरी गई प्रतिमाओं में भगवान राम, जानकी, लक्ष्मण, नरसिंह, लड्डू गोपाल, हनुमान व भगवान विष्णु सहित कई प्रतिमाएं शामिल हैं । चोरी गई अष्टधातु की प्रतिमाओं को बरामदगी के लिए पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है ।
इससे पहले भी समस्तीपुर से करोड़ों की प्रतिमाओं की चोरी का मामला सामने आया था । चोरों को पूर्णिया से पकड़ा गया था ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply