सितम्बर २५, २०१८
उत्तरी कश्मीरके बारामुलाके सोपोरमें सुरक्षाबलोंने रात भर चले अन्वेषण अभियानके पश्चात मंगलवारकी सुबह दो आतंकियोंको मार गिराया । इन आतंकियोंके पास शस्त्र व जिहादी लिखित-पत्र मिले हैं ! आतंकियोंका संज्ञान नहीं हो पाया है, परन्तु एक आतंकीके लश्करसे जुडे होनेकी आशंका जताई गई है । कुछ और आतंकीके छुपे होनेकी आशंकाके चलते अन्वेषण अभियान जारी है । अफवाहोंपर नियन्त्रणके लिए जालस्थल सेवा बन्द कर दी गई थी ।
घटनाके बारेमें बताया जाता है कि सुरक्षाबलोंको सोमवारको जानकारी मिली थी कि सोपोरके तुजरमें २ से ३ आतंकी छिपे हैं । इसके पश्चात सेनाकी ‘२२ राष्ट्रीय राइफल्स’, ‘सीआरपीएफ १७७, १७९ और ९२वीं’ बटालियनके साथ-साथ जम्मू कश्मीर पुलिसके विशेष अभियान दलने रातमें ही नौपुरा गांवकी घेराबन्दी कर ली ।
स्थानीय सूत्रोंने बताया कि जिस समय सुरक्षाबलोंकी घेराबन्दी कर रही थी तो एक मकानमें छिपे आतंकियोंने गोलीबारी कर दी, जिसका जवानोंने उत्तर दिया; लेकिन स्थानीय नागरिकोंकी उपस्थितिके चलते जवानोंने संयम बरता और घेरा कडा कर दिया ताकि अंधेरेका लाभ उठा कर आंतकी भाग न सकें ।
सैन्य सूत्रोंसे मिली जानकारीके अनुसार, मंगलवारकी सुबह सबसे स्थानीय नागरिकोंको सुरक्षित स्थानोंपर पहुंचानेके पश्चात फिर से भिडन्त आरम्भ हुई, जिसमें सुरक्षाबलोंको दो आतंकियोंको मार गिरानेमें सफलता हाथ लगी । पुलिसके अनुसार, आतंकियोंका संज्ञान नहीं हो पाया हैं; लेकिन सूत्रोंकी मानें तो मारे गए आतंकियोंमें से एक ‘तुजर’का स्थानीय आतंकी मजीद है, जो आतंकी संगठन ‘लश्कर-ए-तोइबा’से सम्बन्धित था । भिडन्त आरम्भ होनेके साथ ही सोपोर और आसपासके क्षेत्रोंमें जालस्थल सेवाएं बंद कर दी गई । साथ ही प्रशासनद्वारा सोपोरमें सावधानीके लिए सभी शिक्षण संस्थान बंद रखे गए ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply