अक्तूबर ८, २०१८
छत्तीसगढके नक्सल प्रभावित सुकमा जिलेसे पुलिसने दो महिला नक्सली सहित १६ नक्सलियोंको बन्दी बनाया है । सुकमाके पुलिस अधिकारियोंने सोमवारको चलभाषपर ‘भाषा’को बताया कि जिलेके चिन्तागुफा थाना क्षेत्रमें मिनपा गांवके वनसे पुलिसने दो महिला नक्सलियों सहित १६ नक्सलियोंको बन्दी बनाया था ।
राज्यमें विधानसभा मतदानके चलते नक्सल प्रभावित क्षेत्रोंमें सुरक्षा बलोंको सतर्क कर दिया गया है तथा पुलिस दल निरन्तर गश्त कर रहे हैं । नक्सलियों और उनके सहयोगियोंको बन्दी बनाया जा रहा है; क्योंकि सहयोगी क्षेत्रमें विस्फोटक लगाने और विज्ञापन पट (बैनर पोस्टर) लगानेमें बडी भूमिका निभाते हैं । गत रविवारको पुलिसको चिन्तागुफा थाना क्षेत्रमें नक्सली गतिविधिकी सूचना मिली थी ।
सूचनाके पश्चात बुरकापाल शिविरसे एसटीएफ और डीआरजीके दलको गश्तपर रवाना किया गया । दलने मिनपा गांवके निकट घेराबंदी कर १६ नक्सलियोंको बन्दी बनाया । अधिकारियोंने बताया कि बन्दी बनाए गए नक्सली मिलिशिया समूह और ‘दण्डकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन’के सदस्य हैं । पुलिस अधिकारियोंने बताया कि नक्सलियोंमें सम्मिलित सोढी गंगा, माडवी भीमा, बंजाम नन्दा और मुचाकी मुक्काके विरुद्घ गत वर्ष अप्रैल माहमें बुरकापाल आक्रमणमें सम्मिलित होनेका आरोप है, जिसमें ‘सीआरपीएफ’के २५ जवान हुतात्मा हो गए थे ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply