नवम्बर ३, २०!८
उच्चतम न्यायालयके निर्णय शीघ्र ही हिन्दी सहित सभी क्षेत्रीय भाषाओंमें भी उपलब्ध होंगे । मुख्य न्यायखधीश रंजन गोगोईने शुकवार, २ नवम्बरको बताया है कि निर्णयका अनुवाद क्षेत्रीय भाषाओंमें करनेकी योजना तैयार की गई है । यह निर्णय अंग्रेजी नहीं जानने वाले लोगोंके हितोंको ध्यानमें रखकर लिया गया है । उन्होंने कहा कि इसका प्रयास आरम्भ हो चुका है और सर्वप्रथम हिन्दीमें अनुवाद आरम्भ किया जाएगा ।
गोगोईने अनौपचारिक बातचीतमें पत्रकारोंको बताया कि निर्णयका सार उपलब्ध करानेका भी प्रयास किया जा रहा है । उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि वादी व प्रतिवादियोंको यह ज्ञात होना आवश्यक है कि अन्तिम निर्णय क्या है और किस आधारपर है ? साथ ही लोग भी शीर्ष न्यायालयके निर्णयको समझ सकें ।
रंजन गोगोईने शुक्रवारको न्यायाधीश हेमंत गुप्ता, आर. सुभाष रेड्डी, एमआर शाह और अजय रस्तोगीको उच्चतम न्यायालयके न्यायाधीशके रूपमें शपथ दिलाई । अब उच्चतम न्यायालयमें न्यायाधीशोंकी संख्या २८ हो गई है जोकि नियमानुसार शीर्ष न्यायालयमें अधिकतम ३१ हो सकते हैं । गोगोईने कहा कि दीवालीके अवकाशके पश्चात् उच्चतम न्यायालयमें १४ पीठ अभियोग सुनेंगी । प्रत्येक पीठ दो सदस्यीय होगी ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply