नवम्बर १०, २०१८
जम्मू कश्मीरके राजौरी जनपदमें नियन्त्रण रेखाके (एलओसी) निकट शनिवार, १०नवम्बरको पाकिस्तानी स्नाइपरकी गोली लगनेसे एक सैनिक हुतात्मा हो गया, जबकि सीमापारसे हुई गोलीबारीमें सीमा सुरक्षा बलके (बीएसएफके) दो सैनिक चोटिल हो गए ! अधिकारियोंने यह जानकारी दी । अधिकारियोंने बताया कि हुतात्मा सैनिक राइफलमैन वरूण कत्तल (२१) जम्मू-कश्मीरके सांबा जनपदके मावा राजपुरा क्षेत्रके निवासी थे । सुंदरबनी क्षेत्रमें सीमापारसे एक स्नाइपरद्वारा चलाई गई गोलीसे उनकी मृत्यु हो गई, जिसके पश्चात् दोनों ओरसे गोलीबारी आरम्भ हो गई ।
जम्मू कश्मीरमें नियन्त्रण रेखाके निकट गत दो दिवसोंमें दूसरी बार स्नाइपरने आक्रमण किया ! शुक्रवार, ९ नवम्बरको जम्मूके अखनूर क्षेत्रमें इसी प्रकारके आक्रमणमें सेनाके एक पोर्टरकी मृत्यु हो गई थी ! एक रक्षा प्रवक्ताने बताया, ‘‘प्रातः लगभग पौने दस बजे सुंदरबनीमें पाकिस्तानने संघर्षविरामका उल्लंघन किया । सीमापारसे स्नाइपरने एक सैनिकपर गोली चलाई और चोटिल सैनिककी प्रातः ११.१० बजे मृत्यु हो गई !’’
उन्होंने कहा, ‘‘कत्तल बहादुर और निष्ठावान सैनिक थे । राष्ट्रके लिए सर्वोच्च बलिदानके लिए देश सदैव उनका ऋणी रहेगा ।’’ उनके परिवारमें मां पिंकी रानी और पिता अचल सिंह हैं । उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाने कार्यवाही की और पाकिस्तानी चौकियोंको समुचित उत्तर दिया । अधिकारियोंने बताया कि सुंदरबनीमें एक सीमा चौकीपर तैनात बीएसएफके दो कर्मी शाममें पाकिस्तानके साथ हुई गोलीबारीमें चोटिल हो गए । उन्हें चिकित्सालयमें प्रविष्ट कराया गया है ।
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply