नवम्बर ११, २०१८
अरुणाचल प्रदेशके पश्चिम कामेंग जनपदमें थानेमें घुस कर पुलिसवालोंको धमकानेका प्रकरण सामने आया है, आरोप सेनाके कर्नलपर है, कर्नलका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वो कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि ‘दोबारा मेरे लडकोंको टच किया तो फिर देख लेना, यह तुम्हारे लिए चेतावनी है !!’
अरुणाचल प्रदेशके पश्चिम कामेंग जनपदमें सेनाका एक दल (बटालियन) तैनात है, जिसके सैनिक २ नवम्बरको बोमडिलामें बुद्ध महोत्सवमें पहुंचे थे । आरोप है कि महोत्सव स्थलपर सेनाके सैनिकोंके एक गुटने हंगामा और मारपीट की, नागरिकोंकी परिवादपर पुलिस उन्हें थाने ले गई, इसका समाचार जब बटालियनका नेतृत्व कर रहे कर्नल फिरदौसको हुआ तो वो मेजर कौशिक रॉयके साथ थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियोंको धमकाया ! आईएएस संगठनके अनुसार कर्नलने जनपदकी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट डिप्टी कमिश्नर सोनल स्वरूप और एसपीसे भी दुर्व्यवहार किया ! आरोप है कि कर्नल और मेजरके थाने से जानेके पश्चात् सौ से अधिककी संख्यामें अरुणाचल स्काउट्स बटालियनके सैनिक पहुंचे और उन्होंने थानेमें तोडफोड की ।
आईएएस और आईपीएस संगठनने रक्षा सचिवको पत्र लिखकर प्रकरणकी परिवाद की है । भारतीय प्रशासनिक सेवा संगठनके अध्यक्ष राकेश श्रीवास्तवने रक्षा सचिव संजय मित्राको लिखे पत्रमें कहा है कि भारतीय सेना अपनी बहादुरी और स्त्री-पुरुषके प्रति सम्मान और मानवाधिकारोंकी रक्षाके लिए जानी जाती है, हमें अपनी सेनापर गर्व है । परन्तु यह मामला निन्दनीय है और कार्यवाही होनी चाहिए । उन्होंने सेनासे यह सुनिश्चित करने की मांग किया कि कथित दोषियोंको दण्ड दिया जाए ताकि ऐसी घटनाएं पुनः न हों ।
“उच्छृंखलताकी ऐसी घटनाएं वस्तुतः पदके अहंकार व धर्मशिक्षण न होनेके कारण होती है ! पुलिस व सेना रक्षा विभागके दो महत्वपूर्ण भाग है, यदि दोनों ही आपसमें अहंकार भावमें वैर-विरोध करेंगें तो नागरिकोंकी सुरक्षा किसे दी जाए ? दोनोंको ही एक-दूसरेका सम्मान करना चाहिए, यही राष्ट्रको अपेक्षित है”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : भास्कर
Leave a Reply