नवम्बर १९, २०१८
महाराष्ट्रके गढचिरौली जनपदमें सोमवार, १९ नवम्बरको पुलिस कमांडोके साथ हुई मुठभेडमें दो महिला नक्सली मारी गईं ! गढचिरौलीके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पंडितने बताया कि नक्सलियों और सी-६० कमांडोके मध्य मुठभेड प्रातः लगभग साढे आठ बजे धनोरा तालुकाके अन्तर्गत निहालकाय वनक्षेत्रमें हुई ।
उन्होंने बताया कि रविवार रातसे कमांडो इस क्षेत्रमें नक्सली विरोधी अभियान चला रहे थे । पंडितने कहा, “दोनोंके मध्य लगभग आधे घंटे तक गोलीबारी चली । इसके पश्चात अन्वेषण अभियानके मध्य दो सशस्त्र महिला नक्सलियोंके शव मिले ।”
इससे पूर्व ११ नवम्बरको दिल्ली पुलिसकी विशेष विभागने अजीत राय नामके व्यक्तिको बन्दी बनाया था । वह माओवादियोंको कारतूस भेजता था । उसके कई नक्सली कमांडरोंसे सम्बन्ध थे । वह उडीसा व महाराष्ट्रमें देश विरोधी गतिविधियोंमें सम्मिलित था ।
वर्ष १९९२ से कई नक्सली कमांडरोंको वह कारतूस भेज रहा था। आरोपीसे इंसास व एसएलआर जैसे शस्त्रोंके ४५ कारतूस मिले थे ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply