दिसम्बर ११, २०१८
दक्षिण कश्मीरके शोपियां जनपदमें जैश-ए-मोहम्मदके आतंकवादियोंने एक अल्पसंख्यक क्षेत्रके बाहर एक निगरानी चौकीके चार पुलिसकर्मियोंकी कथित रूपसे गोली मार कर मंगलवार, ११ दिसम्बरको हत्या कर दी । अधिकारियोंने यह जानकारी दी । चारों पुलिसकर्मियोंपर आक्रमण दोपहरमें उस समय हुआ जब वे छह कश्मीरी पण्डित परिवारोंके घरोंकी सुरक्षाके लिए क्षेत्रके बाहर बनाये गये एक अस्थायी कक्षमें बैठे हुए थे । एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारीने बताया कि जैश-ए-मोहम्मदके छह आतंकवादियोंकी अध्यक्षता एक पूर्व एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) आदिल बशीर कर रहा था । बशीर अक्टूबरमें भाग गया था और पीडीपीके एक विधायकसे आठ शस्त्र छीन लिये थे । प्रत्यक्षदर्शियोंके माध्यमसे पुलिस अधिकारीने बताया कि आतंकवादियोंने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें तीन पुलिसकर्मियोंकी घटनास्थलपर ही मृत्यु हो गई और एक गम्भीर रूपसे चोटिल हो गया । अधिकारीने बताया कि चोटिल पुलिसकर्मीको सेनाके एक चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसने भी प्राण त्याग दिए ! मृतकोंका अभिज्ञान अनीस अहमद, हमीदुल्ला, मेहराज उद दीन और अब्दुल मजीदके रूपमें की गई है । जिस समय यह घटना हुई उस समय वहां केवल एक परिवार था । अधिकारीने बताया कि गोलीबारीकी घटनाके तुरन्त बाद आतंकवादी पुलिसकर्मियोंकी तीन सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर) शस्त्र भी अपने साथ ले गए ! अधिकारीने बताया कि अपराधियोंको पकडनेके लिए घेराबंदी और अन्वेषण अभियान आरम्भ किया गया है । अधिकारीने बताया कि ऐसे संकेत मिले हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि इस बर्बर कृत्यके पीछे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मदका हाथ है ।
स्रोत : नभाटा
Leave a Reply