घरका वैद्य – नींबू – भाग २


*स्वास्थ्य सरंक्षणके लिए यह प्रयोग अत्यन्त लाभदायक है । एक गिलास हल्का गुनगुना जल ले लें । इसमें एक नींबूका रस निचोडकर एक अथवा दो चम्मच मधु मिलाकर पी लें । इसमें स्वादके अनुसार कुछ सैंधा नमक भी मिलाया जा सकता है ।
*  मलावरोध (कब्ज) एक ऐसा सामान्य रोग हो गया है, जिससे अधिकांश व्यक्ति पीडित रहते हैं । जब मलावरोध पुराना हो जाता है तो अत्यन्त कष्टकारक हो जाता है । ऐसी स्थितिमें यह प्रयोग करके लाभ लिया जा सकता है, एक अंजीर, तीन मुनक्का और ५० ग्राम द्राक्षको (किशमिशको) अच्छेसे धो लें और लगभग २५० मि०ली० जलमें रात्रिमें भिगो दें । प्रात: उठनेपर इन्हें अच्छेसे मसलकर छान लें या ‘मिक्सर’में पीसकर छान लें और इसमें आधे नींबूका रस निचोडकर सेवन करें । इसके सेवनसे उत्तम स्वास्थ्यकी प्राप्ति होती है और पुराने मलावरोधसे भी मुक्ति मिलती है । यह एक अत्यन्त लाभकारी प्रयोग है ।
* मोटापा अच्छे स्वास्थ्यके लिए अभिशापका कार्य करता है । असंख्य लोग मोटापेसे मुक्तिके लिए उपचार करते देखे जा सकते हैं । मोटापेसे पीडित व्यक्तिको सवेरे खाली पेट २५० मि०ली० हल्के गर्म जलमें एक नींबूका रस व दो चम्मच मधु मिलाकर नियमित रूपसे पीना चाहिए । ऐसा करनेके साथ-साथ वे गरिष्ठ भोजनसे दूर रहें तो भार शीघ्र न्यून होगा ।
* नींबू भोजनके प्रति अरुचिको दूर करता है । भोजन करनेकी इच्छा न होना अथवा भोजनके प्रति रुचि न होना अधिकांश लोगोंकी समस्या बनती जा रही है । ऐसी स्थितिमें यह प्रयोग करें, एक गिलास जल लेकर उसमें एक नींबूका रस निचोड लें, इसके साथ ही १-२ लौंग और २-३ काली मिर्चको पीसकर मिला लें और पी जाएं । इसमें रुचिके अनुसार काला नमक भी मिलाया जा सकता है । ऐसा करनेसे अरुचिसे सम्बन्धित कष्ट दूर होगा । इसके अतिरिक्त एक नींबूको काटकर उसे आगपर पकाकर ऊपर थोडा काला नमक डालकर चूसनेसे भी अरुचिमें लाभ मिलता है ।
* भूख नहीं लगना अथवा मन्दाग्निकी स्थितिमें भी नींबू लाभदायक है । एक कप जल लेकर उसमें आधे नींबूका रस निचोड लें । इसके साथ ही एक चम्मच अदरकका रस इसमें मिला लें । अब स्वादके अनुसार थोडा काला नमक मिलाकर पी जाएं । ऐसा आप भोजन करनेसे १-२ घंटा पूर्व करें । इससे खुलकर भूख लगेगी और भोजनका पाचन भी ठीक प्रकारसे होगा ।
*स्वास्थ्यके साथ-साथ नींबूका प्रयोग अन्य परिस्थितियोंमें भी किया जाता है । यह भी सभीके लिए
 लाभदायक होता है, जो इस प्रकार है ।
* कील-मुहांसे मिटानेमें नींबूका प्रयोग अत्यन्त लाभ देता है । नींबू एवं तुलसीके रसको मिलाकर लगानेसे मुहांसे मिटते हैं ।
* एक चम्मच चनेके बेसनमें चुटकी भर हल्दी, आधा चम्मच मधु, गुलाब जल एवं कुछ बूंद नींबूका रस डालकर ठीकसे मिला लें । अब इस मिश्रणको हल्के हाथोंसे मुखपर लगा लें, २० मिनिट पश्चात गुनगुने पानीसे धो लें । ऐसा करनेसे मुखकी चमक बढती है, निखार आता है ।
* सूखे आंवलोंको पीसकर उसका महीन चूर्ण बना लें । इसमें नींबूका रस मिलाकर धीरे-धीरे बालोंमें लगाएं । इससे बालोंकी रूसी मिटेगी और यदि बाल झडते हैं तो उनका झडना रुक जाता है ।
* नींबूका रस और नमक मिलाकर स्नान करनेसे त्वचाका रंग निखरकर सौन्दर्य बढ जाता है ।
* दातोंसे रक्त बहना अर्थात पायरियामें एक गिलास ताजा पानीमें २-३ नींबुओंका रस निचोडकर दिनमें ३-४ बार कुल्ला करना अत्यन्त लाभप्रद है ।
*  नींबूकी चाय पीते रहनेसे स्वास्थ्य लाभ होता है ।
*  नींबूका रस सिरमें लगानेसे रूसी नष्ट हो जाती है ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सम्बन्धित लेख


विडियो

© 2021. Vedic Upasna. All rights reserved. Origin IT Solution