मई १५, २०१९
ई-वाणिज्य (ई-कॉमर्स) उद्योग ‘अमेजन’को सामाजिक प्रसार माध्यमपर सहस्रों लोगोंके क्रोधका सामना करना पडा है । कम्पनीका विरोध खुदरा विक्रय मंचपर हिन्दू देवी-देवताओंके चित्रोंवाले ‘टॉयलेट सीट कवर’ दिखाए जानेके पश्चात हुआ है । देखते ही देखते ‘अमेजन’के विरुद्घ २५,००० से अधिक ट्वीट किए गए । कुछ ‘ट्वीट’में तो विदेश मन्त्री सुषमा स्वराजको भी टैग किया गया ।
सम्पर्क करनेपर अमेजनके प्रवक्ताने ‘पीटीआई’से कहा कि ‘अमेजन’के सभी विक्रेताओंको कम्पनीके दिशानिर्देशोंका पालन करना चाहिए । जो ऐसा नहीं करते हैं, उन्हें कार्यवाहीका सामना करना पड सकता है । उन विक्रेताओंको अमेजनके प्लेटफार्मसे हटाया भी जा सकता है । प्रवक्ताने बताया कि जिन उत्पादोंको लेकर प्रश्न किया जा रहा है, उन्हें हमारे भण्डारणसे हटाया जा रहा है ।
बता दें कि इससे पूर्व कनाडामें पायदानपर (डोरमैटपर) भारतीय ध्वज छापनेको लेकर भी अमेजन विवादोंमें आया था । इस घटनाके पश्चात अमेजनका अत्यधिक विरोध हुआ था । विदेश मन्त्री सुषमा स्वराजने इसे लेकर अमेजनको चेतावनी भी दी थी ।
उन्होंने कहा था कि अमेजन इस प्रकरणमें बिना शर्त क्षमा मांगे और राष्ट्रीय ध्वजका अपमान करनेवाले सभी उत्पाद तत्काल वापस ले । सुषमाने ऐसा न करनेपर अमेजनके अधिकारियोंको आगेसे वीजा जारी नहीं करनेकी चेतावनी दी थी । सुषमाकी चेतवानीके पश्चात अमेजनने कनाडाके अपनी जालस्थलसे तिरंगेवाले पायदानको हटा लिया था ।
“अमेजनकी यह कोई चूक नहीं है, जो क्षमा योग्य है । यह एक जानबूझकर बार-बार किया जानेवाला अपराध है, जो अक्षम्य है । सभी हिन्दुओंने इनके सभी उत्पादोंका सदा-सदाके लिए बहिष्कार करना चाहिए ।”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : ऑप इण्डिया
Leave a Reply