उत्तर प्रदेशमें शनिवारको ८० किमी प्रति घण्टेकी गतिसे चली आन्धीसे हुई दुर्घटनाओंमें १९ लोगोंकी मृत्यु हो गई और ३२ लोग घायल हुए हैं । वहीं, ऋतुकी पहली ही वर्षासे मुम्बईमें विद्युतसे घटनाओं दो बच्चों सहित तीनकी मृत्यु हो गई ! गुजरातके साैराष्ट्र और दक्षिण अंचलमें अतिवृष्टिके कारण स्थानीय नावली नदी उफान आने से एक वाहन बह गया । शनिवारको गुजरातके सौराष्ट्र और उत्तराखंडके पर्वतीय क्षेत्रोंमें भी अतिवृष्टि हुई। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ, हिमाचल और उत्तराखंडके अधिकांश भागोंमें आन्धी-तूफान आया । ऋतु विभागके अनुसार दिल्लीके साथ तमिलनाडु, केरल और कर्नाटकमें रविवारको कई क्षेत्रोंमें तेज आन्धी-तूफानके साथ वर्षाकी सम्भावना है। बता दें कि शुक्रवार रात पूर्वी उत्तरप्रदेश और बिहारमें तेज आन्धी आई थी, इसमें २२ लोगोंकी मृत्यु गई।
राज्यमें कई क्षेत्रोंमें शनिवारको वर्षाऋतुके पूर्वकी वर्षा हुई। ऋतुकी पहली ही वृष्टिसे मुम्बईकी दुर्दशा हो गई। भांडुप और शिवकृपा नगर क्षेत्रमें विद्युतका झटका लगने की अलग-अलग दुर्घटनाओंमें दो बच्चों सहित तीन लोगोंकी मृत्यु हो गई और एक गम्भीर रूपसे घायल हो गया। तेज हवाओंके कारण विद्युतके खम्भे और तार टूटनेसे कई क्षेत्रोंमें बिजली चली गई।
राज्यमें इससे पहले २-३ मईकी रात, ९ और १३ मईको आए ‘आन्धी-तूफान-वर्षा’के कारण हुई दुर्घटनाओंमें १३७ लोगोंकी मृत्यु हो चुकी है। सबसे अधिक प्रभावित मुरादाबादमें छह, इटावामें पांच, सम्भलमें तीन, मेरठ और मुज्जफरनगरमें दो-दो और अमरोहामें एककी मृत्यु हुई।
गुजरातके सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात अञ्चलमें शनिवारको एकाएक जलवायु परिवर्तन हो गया। धूल भरी तेज हवाओंके साथ अमरेलीके सावरकुंडला, भावनगरके गारियाधार और डांगमें वर्षा हुई। सावरकुंडलामें डेढ-दो घण्टेमें तीन इंच वर्षा हुई। इसके चलते स्थानीय नदी नावलीमें जल-प्लावन आ गया।
देशभरमें २४ घण्टेमें कैसा रहेगी जलवायु स्थिति?
अतिवृष्टि: पूर्वी अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैण्ड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गोवा, तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप।
आन्धीके साथ वर्षा: पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, झारखण्ड, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गोवा, छत्तीसगढ, आन्ध्र प्रदेश, तेलंगाना, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु।
आन्धी-तूफान: उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और राजस्थान सहित १६ राज्योंमें आन्धी-तूफान की आशंका है।
खराब मौसमसे महीनेभरमें ३५० से अधिक मृत्यु
– मईके प्रारम्भसे उत्तर भारत सहित देशके कई राज्योंमें जलवायुमें तेजीसे बदलाव देखा गया। तूफान, वर्षा और बिजली गिरनेसे ३६६ लोगोंकी मृत्यु हो चुकी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार में तूफानका प्रभाव अधिक रहा।
– २ और ३ मईको उत्तर प्रदेश और राजस्थानमें तूफानसे १३० से अधिक लोगोंकी मृत्यु हो गई। आगरामें ही ८० लोगोंकी मृत्यु हुई थी। इसके बाद ९ और १० मईको तूफान और अतिवृष्टिमें १८ लोगोंकी मृत्यु हुई। फिर १४ मईको भी ऐसी ही घटनाओंमें ५१ लोगोंकी मृत्यु हुई ।
– २८ और २९ मईको उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थानमें तूफान और बिजली गिरनेसे ४५ लोगोंकी मृत्यु हो गई थी।
Leave a Reply