घरका वैद्य – जायफल


जायफल रुचि उत्पन्न करनेवाला, जठराग्नि प्रदीपक, कफ तथा वायुका शमन करनेवाला है । जायफल जितना वयस्कोंके लिए हितकर है, उतना ही बालकोंके लिए भी हितकर है । यह हृदयरोग, अतिसार (दस्त), खांसी, वमन, शीतप्रकोप आदिमें लाभदायक है ।
जायफल मूत्र लानेवाला, दुग्धवर्धक, नींद लानेवाला, पाचक व पौष्टिक होता है । भारमें हलके, शुष्क, कनिष्ठ और बडे, चिकने व भारी जायफल श्रेष्ठ माने जाते हैं ।
जायफलका वृक्ष बडा होता है । इसकी ८० प्रजातियां मानी जाती हैं । भारत व मालद्वीपमें कुल ३० प्रजातियां पाई जाती हैं । जायफलका वानस्पतिक नाम ‘मायरिस्टिका फरेंगरेंस’, संस्कृतमें ‘जातीफल’, अंग्रेजीमें ‘नटमग’ कहा जाता है । यह एक ‘सदाबहार’ वृक्ष है, इससे दो मसाले प्राप्त होते हैं, जायफल तथा जावित्री । यह चीन, ताइवान, मलेशिया, केरल, श्रीलंका और दक्षिणी अमेरिकामें पाया जाता है ।
सेवन करनेकी मात्रा : चूर्ण लगभग आधा ग्रामसे एक ग्राम तथा तेल १ से ३ बूंद
जायफलके औषधीय गुण :
१. हिचकी
★ तुलसीके रसमें जायफलको घिसकर एक चम्मचकी मात्रामें ३ बार खाएं ! इससे हिचकी बन्द हो जाती है ।
★ चावलके धुले जलमें जायफलको घिसकर पीनेसे हिचकी व वमन बन्द हो जाती है ।
२. सिरकी वेदना 
★ कच्चे दूधमें जायफल घिसकर सिरमें लगाएं ! इससे बहुत लाभ मिलेगा ।
★ सिरमें पीडा होनेपर जायफलको पानीमें घिसकर माथेपर लेपके समान लगानेसे सिरकी पीडा ठीक  हो जाती है ।
३. मुखके छाले
★ जायफलके काढेसे ३-४ बार गरारें करें ! इससे मुखके छाले नष्ट हो जाते हैं ।
★ जायफलके रसमें जल मिलाकर कुल्ले करनेसे छाले ठीक हो जाते हैं ।
४. बच्चोंके दस्त (अतिसार)
★ जायफलको जलमें घिसकर आधा-आधा चम्मच २-३ बार पिलाएं ! इससे बच्चोंका ‘दस्त’ बन्द हो जाता है । इससे ‘सर्दी’ लगनेसे बच्चोंको होनेवाले ‘दस्त’में भी  लाभ होता है ।
★ जायफलमें गुडको मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां बनाकर १-१ गोलीको २-२ घण्टेके पश्चात खानेसे मलबन्ध (कब्ज) और अपचके कारण लगनेवाला दस्त दूर होता है ।
★ १ ग्राम जायफलके चूर्णको आधे कप जलके साथ दिनमें सवेरे और संध्यामें पीएं ! इससे पेटका फूलना, पेटमें वेदना और पतले ‘दस्त’ बन्द हो जाते हैं ।
५. नींद न आना:
★ गायके घीमें जायफल घिसकर पांवके तलवों और आंखोंकी पलकोंपर लगाएं, इससे नींद अच्छी आएगी ।
★ जायफलको जल या घीमें घिसकर पलकोंपर लेप करनेसे नींद जल्दी आ जाती है ।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सम्बन्धित लेख


विडियो

© 2021. Vedic Upasna. All rights reserved. Origin IT Solution