भोपालमें गोशालाके निकट मिले १०० से अधिक गायोंके शव
१ फरवरी, २०२२
भोपाल जनपदके बैरसिया ग्रामकी एक गोशालाके निकट गायोंके शव और कंकाल मिले हैं । यह संख्या १०० से अधिक होनेकी बताई जा रही है । इसकी जानकारी मिलनेके पश्चात गोशालाके निकट कुछ हिन्दू संगठनोंने निषेध मोर्चा निकालकर गोशाला संचालकोंके विरोधमें कार्यवाही करनेकी मांग की । भोपालके जिलाधिकारी अविनाश लवानियाने बैरसिया गांवमें आकर घटना स्थलको देखा और गोशाला संचालिका निर्मला शांडिल्यके विरोधमें परिवाद प्रविष्ट करनेका आदेश दिया । साथ ही जनपद कार्यकारी अधिकारियोंको गोशाला संचालनका दायित्व सौंपा गया है ।
लवानियाने बताया कि, गायोंके शवोंके अन्तिम संस्कारमें चूक दिखाई दे रही है । गायोंका अन्तिम संस्कार शास्त्रीय पद्धतिसे करना पडता है; किन्तु यहां ऐसे न करते हुए उन्हें खुलेमें फेंका गया है । यह अत्यन्त अशोभनीय है । जिस गायोंकी मृत्यु हुई है, उनका शवविच्छेदन (पोस्टमार्टम) चालू है । जानकारीके अनुसार इस गोशालाको राज्य शासनसे अनुदान भी मिलता रहा है । यद्यपि प्रकरण सामने आनेके पश्चात राज्य शासनने गोशालाका नियन्त्रण अपने हाथमें ले लिया है और गायोंको अन्य गोशालाओंमें स्थानान्तरित किया गया है ।
राज्यमें व्याप्त भ्रष्टाचारके कारण, कुछ व्यापारी लोगोंको गोशाला संचालन हेतु अनुदान मिल जाता है, जिसपर रोक लगनी चाहिए और जो वास्तविक गोसेवक हैं, केवल उन्हें ही अनुदान मिलना चाहिए । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
Leave a Reply