जून १२, २०१८
‘बॉलीवुड’अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकीके छोटे भाई अयाजुद्दीन सिद्दीकीपर आक्षेप है कि उन्होंने ‘फेसबुक’पर हिन्दू देवताके विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिससे हिन्दूओंकी धार्मिक भावनाओंको ठेस पहुंची । ‘द हिन्दू’के अनुसार अयाजुद्दीनके विरुद्ध हिन्दू युवा वाहिनीके कार्यकर्ता भारत ठाकुरने शिकायत की है । विवरणके अनुसार पुलिसने ‘आईपीसी’की धारा १५३ए के अन्तर्गत अभियोग किया है ।
वहीं इस प्रकरणमें अयाजुद्दीनने अपने पर लगे सभी आरोपोंको आधारहीन बताया है । अभिनेताके भाईका कहना है कि उन्होंने कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की है; बल्कि उन्होंने ऐसा करने वालेको रोका था । समाचार विभाग ‘एएनआई’के अनुसार अयाजुद्दीनने कहा, ‘एक उपभोक्ताने सामाजिक प्रसार वाहनपर भगवान शिवको लेकर अपमानजनक चित्र डाला था । मैंने बस उसे यह लिखा था कि उसे ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए और इस तरहका चित्र सांझा नहीं करना चाहिए; क्योंकि इससे धार्मिक भावनाओंको ठेस पहुंच सकती है । इसके प्रत्युत्तरमें मेरे विरुद्ध ही अभियोग कर दिया गया । इस प्रकरणकी जांचकी जानी चाहिए ।’
‘द हिन्दू’के अनुसार मुजफ्फरनगरमें उप पुलिस अधीक्षक हरिराम यादवका कहना है कि अयाजुद्दीनका उद्देश्य हिन्दुओंकी भावनाओंको ठेस पहुंचाना नहीं था । उन्होंने कहा, ‘उन्होंने उस आपत्तिजनक लेखके विरुद्ध और उसकी निन्दा करते हुए ही अपनी बात लिखी थी; लेकिन सामाजिक प्रसार माध्यमपर ऐसा करते समय उन्होंने उस चित्रको ‘कॉपी पेस्ट’कर लिया था, इस कारणसे ‘हिन्दू युवा वाहिनी’के लोगोंमें क्रोध है और अयाजुद्दीनके विरुद्ध अभियोग किया गया ।’ वहीं शिकायतकर्ताने अपनी शिकायतमें कहा है कि हिन्दुओंका अपमान करना आसान नहीं है और ऐसा करनेका प्रयास करने वाले व्यक्तिको इसका मूल्य देना पडेगा । नवाजुद्दीन सिद्दीकी उत्तर प्रदेशके मुजफ्फरनगरके बुढानाके निवासी हैं; लेकिन अभी वह मुम्बईमें रहते हैं, जबकि उनका पूरा कुटुम्ब अभी भी बुढानामें ही रहता है।
स्रोत : जनसत्ता
Leave a Reply