जनवरी ७, २०१९
संस्कृत शिक्षाको बढावा देनेमें शासन कोई कमी नहीं छोड रहा, शासनने स्थान-स्थानपर विद्यालय भी खोले हैं । इसके पश्चात भी संस्कृत विद्यालयोंकी स्थिति आज भी ठीक नहीं है । संस्कृत विद्यालयोंमें पर्याप्त शिक्षक नहीं है तो कक्षाओंकी अल्पता भी बनी गई है । बच्चोंकी संख्याके अनुसार विद्यालयोंमें कक्ष नहीं होनेसे बच्चोंको कभी बरामदों तो कभी खुलेमें बैठक अपने भविष्यकी शिक्षा लेनी पड रही है ! इसके पश्चात भी शिक्षा विभाग कोई पग नहीं उठा रहा !
कोटा जनपदके चेचट उपमण्डलमें संचालित संस्कृत विद्यालयोंमें साढे पांच सौसे अधिक बच्चे नामांकित है, परन्तु इस विद्यालयमें केवल चार कक्ष है !! इसमे भी एक कक्षका उपयोग शिक्षक अपने विभागीय कार्योंमें करते हैं । ऐसेमें बच्चोंकी शिक्षा केवल तीन कक्षमें हो रही है । कक्ष नहीं होनेसे अधिकांश समय एक कक्षमें दो सौसे अधिक बच्चोंकी शिक्षा होती है ! भरे हुए कक्षोंमें बच्चे कैसे पढते होंगें ?, इसका अनुमान सरलतापूर्वक लगाया जा सकता है । अन्य बच्चोंको बरामदोंमें बैठकर शिक्षा लेनी पडती है ! कई बार तो बच्चोंको कक्षासे बाहर खुलेमें भूमिपर भी बैठना पडता है ।
शिक्षकोंको भी कठिनाई हो रही है । शीत ऋतुमें तो बच्चोंको बाहर खुलेमें बैठाकर पढाई करवा लेते हैं; किन्तु गर्मी और वर्षामें साढे पांच सौसे अधिक बच्चोंको तीन कक्षोंमें बैठाकर अध्ययन करवाना शिक्षकोंके लिए अत्यधिक कठिन सिद्ध होता है । इस स्थितिमें एकसे अधिक कक्षाओंके बच्चोंको एक साथ बैठाकर अध्ययन करवाया जाता है, जिससे उन्हें अच्छी प्रकारसे शिक्षा भी नहीं मिल पा रहीं है । ऐसा नहीं है कि शिक्षकोंने समस्या कभी विभागको नहीं बताईं, दशकाधिक बार परिवाद (शिकायत) भेजी; किन्तु प्रत्येक बार कुछ भी न हुआ !
“शिक्षामें कोट्यावधि रूपये शासन प्रत्येक वर्ष व्यय करता है, तब भी शिक्षाकी, विशेषतया संस्कृतकी, ऐसी स्थिति अवश्य विचारणीय है । शिक्षामें ऐसी अनदेखी अक्षम्य है और जो विद्यालय संस्कृतका पोषण कर रहे हैं, उनकी ऐसी विडम्बना तो महापाप है; क्योंकि संस्कृत ऐसे ही लुप्तप्राय होनेकी सीमापर है । जिन शासकीय अधिकारियोंको इन कार्योंके लिए नियुक्त किया गया है, क्या वे दण्डके पात्र नहीं ? शासन त्वरित इसपर कडीसे कडी कार्यवाही करें, यह सभी राष्ट्रवादियोंकी मांग है !”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply