अगस्त १५, २०१८
औरैया प्रान्तके बिधुनामें अज्ञात आक्रमणकारियोंने दो साधुओंकी चारपाईसे बांधकर धारदार शस्त्रोंसे प्रहार करके हत्या कर दी तथा एक अन्यको चोटिल कर दिया ! मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथने ४८ घण्टोंके अन्दर प्रकरणको उजागर करनेके निर्देश देनेके साथ-साथ वारदातमें मृतक साधुओंके परिजनको पांच-पांच लाख रुपये और चोटिल साधुको एक लाख रुपयेकी सहायता देनेकी घोषणा की है । औरैयाके पुलिस अधीक्षक नागेश्वर सिंहने बताया कि बिधुना थाना क्षेत्रके कुदरकोट स्थित भयानकनाथ मन्दिरमें आज प्रातः अज्ञात आक्रमणकारियोंने तीन पुजारियोंके हाथ-पैर चारपाईसे बांधनेके पश्चात उन पर धारदार शस्त्रोंसे प्रहार किए । इस वारदातमें दो साधुओंकी लज्जाराम (५५) और हल्केराम (५८) मृत्यु हो गयी, जबकि रामशरण गम्भीर रूप से चोटिल हैं । उन्हें चिकित्सालयमें प्रविष्ट कराया गया है ।
उन्होंने बताया कि एक मृतकके भाईने अपनी परिवादमें इस काण्डके पीछे कथित गौकशी करने वाले लोगोंका हाथ होने की शंका प्रकट की है । परिवादमें किसीका नाम नहीं लिया गया है । अज्ञात लोगोंके विरूद्ध प्रकरण प्रविष्ट कर जांच की जा रही है । सिंहने बताया कि जांच दल एवं अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं । क्षेत्रमें व्याप्त तनावके कारण सम्पूर्ण कुदरकोटको छावनीमें परिवर्तित कर दिया गया है । वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थितिपर दृष्टि रखे हुए हैं ।
इस मध्य मुख्यमन्त्री योगीने साधुओंकी हत्यापर दुःख व्यक्त करते हुए पांच-पांच लाख रुपयोंकी सहायताकी घोषणा की है । साथ ही घटनामें चोटिल पुजारीको एक लाख रुपएकी आर्थिक सहायता दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं । मुख्यमन्त्रीने घटनाको गम्भीरता से लेते हुए गृह विभागके प्रमुख सचिव अरविन्द कुमार और पुलिस महानिदेशक ओम प्रकाश सिंहको ४८ घण्टोंके भीतर दोषियोंका संज्ञान कर उनके विरूद्ध कडी कार्यवाही किए जानेके लिए निर्देश दिए है । उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन ऐसे किसी कृत्यको सहन नहीं करेगी और ऐसे आपराधिक तत्वोंके विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाएगी !
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply