दिसम्बर १२, २०१८
लम्बे समयसे गंगाको लेकर अनशन कर रहे चिकित्सालयसे ओझल सन्त गोपालदासजीकी मां शकुन्तला देवी और उनके भाई नितिनने मंगलवार, ११ दिसम्बरको उत्तराखण्ड प्रशासनपर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य शासनने गोपालदासको गायब किया है ।
मातृ सदनके स्वामी शिवानन्दकी उपस्थितिमें सन्त गोपालदासकी मां और भाईने चेतावनी दी कि वे लोग त्रिवेणी घाट ऋषिकेशपर अनशनपर बैठेंगे । उन्होंने शासनसे गोपालदासको शीघ्र खोजने और स्वामी सानन्दकी सारी मांग माननेकी मांग की । मातृ सदनके परमाध्यक्ष स्वामी शिवानन्द सरस्वतीने गंगाकी रक्षा सहित कई मांगोंको लेकर अनशन कर रहे सन्त गोपालदासके रहस्यमय ढंगसे ओझल हो जानेपर प्रश्न उठाते हुए आरोप लगाया कि गहरी षडयन्त्रके अन्तर्गत उन्हें गायब किया गया है ।
शिवानन्दने कहा कि शासनको यह खुलासा करना चाहिए कि देहली एम्ससे लाकर किसने दून चिकित्सालयमें उन्हें प्रविष्ट कराया और उन्हें कौन कहां ले गया ? इससे पूर्व भी पत्रकारोंसे वार्ता करते हुए स्वामी शिवानन्दने कहा था कि यह बडा गहरा षडयन्त्र है कि देहलीके एम्समें भर्ती सन्त गायब हो गए !
शिवानन्दने कहा कि यदि गोपालदासका गायब होना रहस्य नहीं है तो क्या कारण है कि सन्त गोपालदास अपने दोनों चलभाष यन्त्र और थैला आदि सामान चिकित्सालयमें ही छोडकर चले गए और वह जसबीर नामका व्यक्ति कौन है, जो उन्हें दून चिकित्सालयमें प्रविष्ट करवाने आया था । उन्होंने आरोप लगाया कि इस समय शासन, प्रशासन और माफिया सब एक ही हो गया है । उन्होंने कहा कि दावे बहुत किए जा रहे हैं, परन्तु गंगाकी चिंता कोई नहीं कर रहा है, जो गंगा और उसकी सहयोगी नदियोंकी चिंता करता है, ऐसे सन्तोंको मारा जा रहा है !
“क्यों केवल गंगा और गौकी रक्षापर बोलने वाले सन्त ही एकाएक मर जाते हैं अथवा ओझल (गायब) हो जाते है ?, यह शंका उत्पन्न करने वाला है, परन्तु इससे यह स्पष्ट है कि धर्मकी स्थापनाकी आशा किसी शासनसे करना व्यर्थ है, इस हेतु हिन्दुओंको स्वयं ही आगे आना होगा !”- सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : नभाटा
Leave a Reply