
शुल्कमें भेद क्यों ?
वैदिक संस्कृतिमें अर्थोपार्जनके माध्यमको ‘उपजीविका’ कहते हैं , उपजीविका अर्थात् जो जीविकाको सहाय्य हो , तो जीविका क्या है ? ईश्वर प्राप्ति ही मनुष्यकी मुख्य जीविका है और जो उसमें सहाय्य करे वह उपजीविका है अतः पहले जीतने भी उपजीविका थे वे सब शास्त्र सम्मत थे , ईश्वरप्राप्तिमें सहायता करते थे और उसके माध्यमसे अर्थ प्राप्त कर धर्मके आधारपर कामकी( इच्छाओं ) पूर्ति करते थे मोक्षकी ओर अग्रसर होते थे , अतः सभी क्षेत्रके उपजीविकाके माध्यमसे अर्थोपार्जन करने वालेको समाजमें योग्य सम्मान प्राप्त था ।
वैद्यको आचार्य कहा जाता था और आयुर्वेदको तो पंचम वेदका स्थान प्राप्त है, पूर्वकालके वैद्य मात्र शारीरिक और मानसिक स्तर रोगोंको विश्लेषण नहीं करते थे अपितु आध्यात्मिक स्तर पर यदि कष्ट हो तो उस हेतु भी अपनी साधनाके बल पर औषधिमें मंत्र अभिमंत्रित कर देते थे ।योग्य धर्माचरण करने वाले ऐसे ही एक वैद्याचार्यकी प्रेरक प्रसंग साझा कर रही हूंं जिसमें आपको हमारी संस्कृति कैसे वर्णानुसार ( योग्यता और क्षमता ) आधारित थी इसकी एक झलक मिलेगी ।
मथुराके पास किसी गांव में एक वैद्य रहते थे। उनके पास दूर-दराजसे रोगी आते, इसलिए उनका आश्रम सदैव भरा रहता था। एक बार उनके पास एक ही रोगसे पीडित दो रोगी उपचारके लिए लाए गए। उनमें से एक धनी व्यापारी का पुत्र था और दूसरा दरिद्र किसान का बेटा। वैद्याचार्यने दोनों रोगियोंको गंभीरता से देखा फिर व्यापारीसे बोले,’ आपके पुत्रके उपचार में सौ मुद्राएं लगेंगी।’ यह सुनकर किसान घबडा गया। वह विचार करने लगा कि वह इतना अधिक शुल्क कैसे दे पाएगा? किसान को चिंतित देख वैद्याचार्य उससे बोले, ‘ तुम्हें यह नहीं देना है। जब तक तुम्हारा पुत्र ठीक नहीं हो जाता तुम आश्रम में रहकर दूसरे रोगियों की सेवा करोगे! यही तुम्हारे पुत्र के उपचार का शुल्क होगा।’ इससे किसानको तो शांति मिल गई, किन्तु व्यापारी सोचने लगा कि वैद्याचार्य उसे ठग रहे हैं। उसने अपनी आशंका जताई तो वैद्याचार्य बोले, ‘मेरे लिए दोनों रोगी बराबर हैं पर तुम लोगों की क्षमताएं अलग-अलग हैं। मैंने तुम दोनों की क्षमताओं के अनुसार ही शुल्क मांगा है। इस आश्रम को धन और सेवा दोनों की आवश्यकता है। तुम्हारे पास धन है जो औषधि मंगाने के काम आ सकता है, जबकि इस दरिद्र किसान के पास सेवा करने के अतिरिक्त और कुछ नहीं है। यह अपनी सेवा से आश्रम के रोगियों को लाभ पहुंचा सकता है। इसी को ध्यान में रखकर मैंने तुम दोनों के लिए भिन्न भिन्न शुल्क तय किए।’
बहुत सुँदर