कल हमने टमाटरके बारेमें व इसके कुछ स्वास्थ्य लाभके विषयमें जाना था । आज हम टमाटरसे होनेवाले कुछ अन्य लाभोंके विषयमें बताएंगें –
* रक्त-शर्कराके लिए – रक्त शर्कराके स्तरको न्यून करनेके लिए टमाटर मधुमेह रोगियोंके लिए एक उत्तम आहार है । इसमें अत्यल्प मात्रामें ‘कार्बोहाइड्रेट’ होता है, जो मूत्र शर्कराके स्तरको नियन्त्रित करनेमें सहायक है । यह ‘क्रोमियम’का भी एक बहुत अच्छा स्रोत है, जो रक्तमें शर्कराके स्तरके साथ-साथ ‘फाइबर’को नियन्त्रित करनेमें सहायक है । शोधोंके अनुसार, ‘फाइबर’ रक्त शर्कराके स्तरकी वृद्धि रोकनेमें सहायता करता है । कई अध्ययनोंसे ज्ञात हुआ है कि टमाटरमें उपस्थित आक्सीकरण-रोधी तत्त्व मधुमेहसे प्रभावित होनेवाले वृक्क (किडनी) और रक्तप्रवाहको भी सुरक्षा प्रदान करते हैं । इसके अतिरिक्त, टमाटर जैसा अल्प ‘कैलोरी’वाला भोजन, भार न्यून करनेका प्रयास कर रहे मधुमेह रोगियोंके लिए उपयोगी हो सकता है ।
* कर्करोगमें – राष्ट्रीय कर्करोग संस्थानके प्रकाशित अध्ययनसे ज्ञात हुआ है कि अधिक टमाटर खानेसे ‘प्रोस्टेट’ कर्करोगका संकट अल्प हो सकता है । टमाटरमें विद्यमान ‘लाइकोपीन’ नामक एक आक्सीकरण-रोधी तत्त्व फेफडे, उदर, ग्रीवा, मुख, ग्रसनी, गले, अन्नप्रणाली, कोलन (बृहदान्त्र), गुदा और डिम्बग्रन्थिके (गर्भाशयके) कर्करोगके संकटको भी न्यून कर सकता है । यदि टमाटरको जैतूनके तेलके साथ पकाया जाए तो इसके कर्करोग-विरोधी गुणोंके लाभ अधिकतम हो सकते हैं ।
* भार न्यून करनेमें – टमाटर शरीरका भार अल्प करनेमें भी सहायक है । इसमें अत्यल्प वसा पाई जाती है और साथ ही इसमें शून्य रक्तवसा होती है । इसमें प्रचुर मात्रामें जल और ‘फाइबर’ होता है; इसलिए यह अधिक भार बढाए बिना तीव्रतासे पेट भरनेमें सहायता करता है । यदि आप भार न्यून करना चाहते हैं, तो अपने आहारमें अधिकाधिक टमाटर सम्मिलित करें । आप इसे एक फलकी भांति कच्चा खा सकते हैं अथवा इसे सलाद और अन्य भोजनमें भी सम्मिलित कर सकते हैं ।
* निद्राके लिए – ‘पेन्सिलवेनिया पेरेलमैन स्कूल ऑफ मेडिसिन विश्वविद्यालय’में हुए एक अध्ययनके अनुसार, जो लोग ‘लाइकोपीन’का सेवन करते हैं, वे, उन लोगोंकी तुलनामें अच्छी नींदका आनन्द लेते हैं, जो इसका सेवन नहीं करते हैं और टमाटर ‘लाइकोपीन’का एक अच्छा स्रोत है । इसके अतिरिक्त, टमाटरमें ‘विटामिन-सी’ भी प्रचुर मात्रामें पाया जाता है और अपने दैनिक आहारमें ‘विटामिन-सी’के अधिक स्तरको सम्मिलित करना, शान्तिप्रदायक नींद दे सकता है । यदि आप ठीकसे नहीं सो पा रहे हैं, तो रातके भोजनके समय टमाटर ‘सूप’ या टमाटरयुक्त सलाद खानेका प्रयास करें ।
* उच्च रक्तचापमें – ‘पोटैशियम’से समृद्ध टमाटर, उच्च रक्तचापको अल्प करनेमें सहायक है । अधिक ‘सोडियम’का सेवन करना रक्तचाप बढा सकता है, जिससे ‘पोटैशियम’की न्यूनता हो सकती है । ‘पोटैशियम’ शरीरसे ‘सोडियम’को निकालनेमें सहायता करता है । ताजे टमाटरका केवल एक कप, ‘पोटैशियम’की दैनिक आवश्यकताका ११.४ प्रतिशत होता है; अतः अधिक टमाटरका सेवन उच्च रक्तचापसे लडने और विभिन्न हृदय स्थितियोंके संकटको अल्प करनेमें सहायक है । इसके अतिरिक्त टमाटरमें ‘लाइकोपीन’, ‘विटामिन-ए और सी’, ‘फाइबर’ और ‘कैरोटीनॉयड’ जैसे शक्तिशाली पोषक तत्त्व होते हैं, जो हृदय रोगके संकटको न्यून करनेके लिए मिलकर कार्य करते हैं ।
* सूजनमें – ‘बायो-फ्लेवोनोइड्स’ और ‘कैरोटीनॉयड’ जैसे प्रज्वलनरोधी वाहककी उपस्थितिके कारण टमाटर वेदनाको न्यून कर सकता है । नियमित रूपसे मध्यम वेदनावाले लोगोंको प्रायः सूजन हो जाती है और टमाटरमें निहित सूजनको न्यून करने वाले गुण सूजन व जलनको अल्प करके बार-बार होनेवाली वेदनामें लाभ प्रदान करते हैं । एक अध्ययनमें पाया गया कि प्रतिदिन टमाटरका रस पीनेसे ‘टी.एन.एफ.-अल्फा’के (tumor necrosis factor alpha, TNFα) रक्तके स्तरको न्यून किया जा सकता है, जोकि ३४% तक सूजनका कारण बनता है । टमाटरके कुछ अन्य लाभों व प्रयोगमें सावधानियोंके विषयमें हम अगले लेखमें जानेंगें ।
Leave a Reply