जून २८, २०१८
‘जनता दल यूनाइटेड’के पूर्व नेता और ‘लोकतान्त्रिक जनता दल’नाम से नूतन दल बनाने वाले शरद यादवने भाजपा शासनपर लक्ष्य साधा है । शरद यादवने भाजपाको गत चार वर्षोंके कार्यकालमें प्रत्येक अवसरपर विफल बताते हुए कहा कि ये लोग केवल असत्यकी कृषि करते हैं और लोगोंको धोखा देते हैं ।
शरद यादवने राम मन्दिरके प्रकरणपर भी भाजपाको कोसते हुए उत्तर प्रदेशके मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथको लेकर भी वक्तव्य दिया । उन्होंने कहा कि बीजेपी राम मन्दिरके आश्रयपर देशको दिशाभ्रमित कर रही है । योगी आदित्यनाथपर बोलते हुए शरद यादवने कहा कि योगीका कार्य मन्दिरमें घण्टा बजाना है । इन लोगोंका काम मन्दिरमें पूजा करना है, इनका देशके संविधानसे कोई सम्बन्ध नहीं है ।
पूर्व राज्यसभा सांसद बाराबंकी पहुंचे और २०१९ के लोकसभा मतदानके लिए महागठबन्धनकी विजयका दावा किया । शरद यादवने कहा कि २०१९ में महागठबन्धनका ही शासन होगा; यद्यपि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि महागठबन्धनका ‘मुख’ कौन होगा ?; लेकिन उन्होंने स्पष्ट रूपसे कहा कि उन सबका पहला लक्ष्य भाजपाको हराकर देशके संविधानको बचाना है ।
शरद यादवने कहा कि प्रधानमन्त्री कौन होगा ?, यह २०१९ के लोकसभा मतदानके बाद देखा जाएगा ! शरद यादवसे जब राम मन्दिरके प्रकरणपर प्रश्न किया गया तो उन्होंने दो टूक शब्दोंमें कहा कि हम जीवित लोगोंको पूजते हैं, हमारा और संविधानका इससे कोई सम्बन्ध नहीं है !
स्रोत : न्यूज18इण्डिया
Leave a Reply