नवम्बर ११, २०१८
पाकिस्तानकी ओरसे सीमापर बडी संख्यामें आतंकियोंका जमावडा और वे जम्मू-कश्मीरमें घुसनेकी तैयारीमें हैं । सेनाके एक वरिष्ठ अधिकारीने रविवार, ११ नवम्बरको कहा कि पाकिस्तानमें आतंकवादी ढांचा वैसे ही बना हुआ है और भारतीय सीमामें घुसपैठ करनेके लिए नियन्त्रण रेखा पार लगभग १६० आतंकवादी प्रतिक्षा कर रहे हैं । भारतीय सेनाने घुसपैठ करने वाले आतंकियोंके लिए विशेष तैयारी की है और योजना भी बनाई है ।
लेफ्टिनेंट जनरल परमजीत सिंहने यह भी कहा कि सीमा पारसे आतंकवाद तभी रुकेगा, जब पाकिस्तान अपनी नीतिमें परिवर्तन करेगा !
सर्दियोंकी ऋतुके समय आने वाली चुनौतियोंके बारेमें उन्होंने कहा कि सेनाका यह पूर्वानुमान है कि पाकिस्तानी सैनिक बर्फसे ढंके क्षेत्रसे और अपारम्परिक मार्गोंसे घुसपैठियोंको घुसानेका प्रयास करेंगे । लेफ्टिनेंट जनरल सिंहने कहा, ”हमारी सभी आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं । हमने सभी सुरक्षा विभागोंसे तालमेल बनाया है और योजनाको सुगमतासे क्रियान्वित किया जा रहा है ।”
पाकिस्तानके अधिकार वाले कश्मीरमें किए गए २०१६ के सर्जिकल स्ट्राइककी योजना बनानेमें सम्मिलित रहे अधिकारीने एक साक्षात्कारमें कहा कि थल सेना अपनी तैयारियां नहीं बंद कर रही है और घुसपैठ रोधी ढांचा घुसपैठियोंसे निपटनेके लिए पर्याप्त रूपसे सशक्त है ।
जम्मू कश्मीरके सभी तीन क्षेत्रोंमें सेवा दे चुके लेफ्टिनेंट जनरल सिंहने कहा, ”पाकिस्तानके भिन्न – भिन्न ठिकानोंसे १४० से १६० आतंकवादी राज्यमें भेजे जाने वाले हैं । उन्होंने कहा कि आतंकी ढांचा वैसा ही बना हुआ है और पाकिस्तानकी इच्छा भी नहीं परिवर्तित हुई है ! घुसपैठ और आतंकी आक्रमणोंके षडयन्त्र रचनेमें पाकिस्तानी थल सेना और आईएसआईकी मिलीभगत सर्वविदित है ।
स्रोत : इण्डिया
Leave a Reply