अगस्त २३, २०१८
‘बीएसफ’ने गृह मन्त्रालयको भेजे एक विवरणमें कहा है कि पाकिस्तान भारतसे सटे अपने सीमावर्ती क्षेत्रोंमें अपनी रक्षा तैयारियोको सशक्त करनेमें लगा हुआ है । ‘बीएसफ’के विवरणके अनुसार पाकिस्तानने बहावलनगर और जैसलमेरसे सटे रहीमयार खानमें दो नए आयुध भण्डार बनाए है, जिसके द्वारा वो अपने जवानोंको कम समयमें ही विस्फोटक सीमापर भेज सकता है ।
गृह मन्त्रालयके सूत्रोंके अनुसार पाकिस्तानने इन आयुध भण्डारके शिविरमें ही हेलिपैड भी बनाए है, जिससे वो आवश्यकता पडने पर अपने जवानोंको प्रत्येक सहायता पहुंचा सकता है । रहीमयार खानका भण्डारण भारत पाक सीमासे केवल ३७ किलोमीटरकी दूरी पर है, साथ ही बहावलपुरमें बने आयुध भण्डारमें पाकिस्तानने कई बंकर भी बनाए है, जिससे वो अपने शस्त्रोंको भारतीय वायुसेनाके आक्रमण से बचा सकता है और हानिकारक प्रक्षेपणको ( मिसाइल) सीमाके निकट छिपा सकता है ।
गत कई वर्षोंसे पाकिस्तान सेनाको आधुनिक बनानेमें लगा हुआ है । सीमापर बने बंकरसे लेकर मिसाइल और युद्धपोतकी आपूर्ति पाकिस्तान सेनाको चीनसे निरन्तर की जा रही है । पाक ‘चीन ऑप्टिकल फाइबर केबल प्रोजेक्ट’केद्वारा चीनने रावलपिण्डीसे लेकर ‘पीओक’तक लगभग ८०० किलोमीटर तक ‘ऑप्टिकल केबल’का नेटवर्क बिछाया है, जिससे पाकिस्तान सेनाकी सूचना प्रसारण काफी अच्छा हो चुका है ।
गुप्तचर विभागने एक ऐसे ही विवरणमें दावा किया गया है कि ‘आइएसआइ’ने भारत और पाकिस्तान सीमापर लगे ‘थर्मल इमैजिग डिवाईस’को भ्रमित करने के लिए आतंकियोंको ‘एण्टी थर्मल जैकेट्स’ दिए हैं । इसे पहनकर आतंकी आरामसे देशकी सीमामें प्रविष्ट हो सकते हैं । गुप्तचर विभागके इस विवरणके पश्चात सुरक्षा विभाग चौकन्ना हो गए हैं ।
गृह मन्त्रालयको भेजे गुप्त विवरणमें दावा किया गया है कि ‘आईएसआई’ने ‘एण्टी थर्मल जैकेट्स’को पाकिस्तानी सेनाके उन विशेष दलको भी उपलब्ध कराई है, जो आतंकियोंको भारतमें घुसपैठ करानेके लिए सीमापर उपस्थित हैं । इस प्रकारकी सूचना उस समय मिली, जब कुछ माह पूर्व पाकिस्तानकी ओर से हो रहे सीमा उल्लंघनके समय बीएसएफपर पाकिस्तानी रेंजर्सने निकटसे जम्मूवालपोस्टपर गोलीबारी की थी; लेकिन यह कृत्य बीएसएफके ‘नाइट विजन डिवाइस’में रिकार्ड नहीं हो पाई । बादमें वीडियोको ध्यानसे देखनेके पश्चात ज्ञात हुआ कि पाकिस्तानी रेंजर्सका एक जवान ‘बीएसएफ’पर काफी निकट से गोलीबारी कर रहा था !
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply