अक्तूबर २८, २०१८
उत्तर प्रदेशमें बुलंदशहरकी कोतवाली देहात पुलिसने पाकिस्तानके गुप्तचर विभाग ‘आईएसआई’के दलाल जाहिदको शुक्रवार, २६ अक्तूबर देर रात बन्दी बनाया । कोतवाली देहात क्षेत्रके भूड चौराहेके पाससे बन्दी बनाए आरोपी ‘आईएसआई’ दलालके रूपमे कार्य कर रहा था । उसके पास गोपनीय लिखितपत्र, प्रतिबन्धित दस्तावेज व प्रतिबन्धित क्षेत्रके मानचित्र, एक चलभाष, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड व २५४० रुपये मिले हैं । पकडे गए आरोपीसे गुप्तचर विभाग पूछताछ कर रहा है ।
शनिवार, २७ अक्तूबरको कोतवाली देहातमें आयोजित प्रेसवार्तामें उण्च पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. प्रवीण कुमार रंजनने बताया कि गुप्तचर विभागसे सूचना मिली कि खुर्जा नगर निवासी एक व्यक्ति पाकिस्तानके गुप्तचर विभाग ‘आईएसआई’के दलालके रूपमें काम कर रहा है । इस सूचनापर स्वाट दल प्रभारी विवेक शर्मा व कोतवाली देहात पुलिसकर्मी तपेश्वर सागरका दल सचेत हो गया ।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात मिली सूचनापर कोतवाली देहात क्षेत्रके भूड चौराहेके निकट आरोपी जाहिद पुत्र अलीम निवासी मोहल्ला तरीनान निवासी खुर्जाको बन्दी बनाया गया । उससे गोपनीय एवं प्रतिबंधित लिखितपत्र और प्रतिबंधित क्षेत्रके मानचित्र, एक चलभाष, मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड व २५४० रुपये मिले ।
एसपी सिटीने बताया आरोपी जाहिद भारतीय सैन्य गतिविधियों व प्रतिबंधित गोपनीय लिखित-पत्र एवं सैन्य ठिकानोंके मानचित्र व महत्वपूर्ण जानकारियोंकी सूचना एकत्र कर विभिन्न माध्यमोंसे पाकिस्तान भेज रहा था । उन्होंने बताया कि पूछताछमें ज्ञात हुआ कि आरोपी दो बार २०१२ व २०१४ में पाकिस्तान जा चुका है ! उसी मध्य वह ‘आईएसआई’के सम्पर्कमें आया । वह व्हाट्सएपके माध्यमसे पाकिस्तानको जानकारी भेजता रहा !
एसपी सिटीने बताया कि जाहिदसे पूछताछमें उसके दो साथियोंके भी देश विरोधी गतिविधियोंमें सम्मिलित होनेकी जानकारी मिली है । इनकी गोपनीय रूपसे जांच की जा रही है । जाहिदके विरुद्घ कोतवाली देहातमें शासकीय गुप्त अधिनियमके अन्तर्गत अभियोग प्रविष्ट किया गया है ।
सूत्रोंसे मिली जानकारीके अनुसार, आरोपीके चलभाषमें पाकिस्तानके १९ चलभाष क्रमांक संरक्षित मिले है । पुलिस और गुप्तचर जांच विभाग ज्ञात कर रहे है कि इनमें ‘आइएसआइ’ सदस्योंके कितने क्रमांक हैं । यही नहीं उसके चलभाषमें मेरठ सैन्य क्षेत्र, गाजियाबाद हिंडन एयरबेसके कुछ चित्र भी मिले हैं । पुलिस सूत्रोंका कहना है कि आरोपीके पाससे मिले चलभाषमें मेरठके रहने वाले कई युवकोंके क्रमांक भी मिले हैं, जो जांचके घेरेमें है ।
स्रोत : जनसत्ता
Leave a Reply