नवम्बर २१, २०१८
अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियन्त्रण रेखा पार पाकिस्तानी सीमामें लश्कर, जैश और हिजबुल मुजाहिदीनके लगभग २४ आतंकी स्नाइपर आक्रमण करनेके लिए पाक अधिकृत कश्मीरके भिन्न-भिन्न स्थानोंपर तैयार बैठे हैं । इनके लिए कवर फायरिंग, वेशभूषा, सभी सामानकी व्यवस्था पाक विभागोंने की है ।
नवम्बरके अन्त तक घुसपैठ करके भारतीय सैनिकोंको सीधा लक्ष्य बनानेकी रणनीतिसे भारतीय सुरक्षा विभाग चौकन्ना है । विभिन्न गुप्तचर विभाग, सीमा सुरक्षा बल व अन्य सुरक्षा बलोंके साथ पाक सेना व आईएसआईकी आतंकियोंके साथ बनाई योजनाको साझा करते हुए सतर्कताका निर्देश दिया गया है ।
विवरणके मुताबिक, हिजबुल मुजाहिदीनके पांच स्नाइपर पाक अधिकृत कश्मीरके दुधनियालमें लॉन्चिंग पैडपर उपस्थित हैं । कलसियान और रुमलीधारामें लश्करके पांच स्नाइपर गाइड सरदार गुजरके साथ लांच पैडपर हैं, छह लश्कर आतंकियोंका एक भिन्न समूह गाइड अरशद खानकी अध्यक्षतामें जो पीओकेके बट्टल गांवमें शिविर कर रहा है और सात-आठ जैश आतंकियोंका समूह पीओकेके नट्टर गांवमें रुका हुआ है ।
एनआईएने जम्मू कश्मीरके नगरोटामें सेनाके एक शिविरपर नवम्बर २०१६ में हुए आक्रमणके प्रकरणमें आतंकी संगठन ‘जैश ए मोहम्मद’के उप प्रमुख एवं मौलाना मसूद अजहरके भाई मौलाना अब्दुल रोउफ असगर तथा १३ अन्यके विरुद्घ मंगलवारको एक आरोपपत्र प्रविष्ट किया ।
भारतीय विभागोंने आशंका प्रकट की है कि यह सभी आतंकी स्नाइपर आक्रमणमें प्रशिक्षित हैं । बैट दलके षडयन्त्रमें भी इन्हें सम्मिलित किया गया है । विभागके विवरणमें दावा किया है कि भिन्न-भिन्न लॉन्चिंग पैडपर उपस्थित आतंकियोंके दलको स्नाइपर आक्रमण, सीमा कार्यकारी दलके षडयन्त्र और आईईडी बिछानेके षडयन्त्रमें सम्मिलित किया जा सकता है ।
सूत्रोंने कहा, गत कुछ माहमें स्नाइपर आक्रमणमें तेजी आई है । पाककी ओरसे आतंकियोंकी जो खेप भेजनेका प्रयास हो रहा है, उनका लक्ष्य सुरक्षा बलोंके सैनिक हैं !
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply