दिसम्बर २८, २०१८
जम्मू और कश्मीरके पुलवामाके रेंजीपोरामें सुरक्षा बलों और आतंकियोंके मध्य शुक्रवार, २८ दिसम्बर प्रातः हुई मुठभेडमें सुरक्षा बलोंने एक आतंकीको मार गिराया है ! मारे गए आतंकीका अभिज्ञान ‘हिजबुल मुजाहिदीन’के इश्फाक युसफ वानीके रूपमें हुआ है । वह पुलवामाका रहने वाला था । वहां कुछ अन्य आतंकियोंके भी उपस्थित होनेकी आशंका प्रकट की जा रही है ।
वहीं सुरक्षाके सन्दर्भसे क्षेत्रमें अन्तर्जाल (इण्टरनेट) सेवाएं बंद कर दी गई है । साथ ही सुरक्षा बलोंने पूरे क्षेत्रको घेर लिया है । बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलोंको वहां कुछ आतंकियोंके छिपे होनेकी सूचना मिली थी । इसपर अन्वेषण अभियान चलाया गया । इसके पश्चात मुठभेड आरम्भ हुई ।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व जम्मू कश्मीरमें आतंकसे मुक्ति हेतु चलाए जा रहे अभियान ‘ऑलआउट’में पुलवामा जनपदमें सेना और सुरक्षाबलोंको २२ दिसम्बरको बडी सफलता मिली थी । सेना और सुरक्षाबलोंने पुलवामाके अवन्तीपोरामें ६ आतंकियोंको मार गिराया था ।
पुलिसके एक अधिकारीने बताया था कि आतंकवादियोंकी उपस्थितिकी विशेष गुप्तचर सूचना मिलनेके पश्चात सुरक्षा बलोंने प्रातः दक्षिण कश्मीरके अवंतीपोरा क्षेत्रके आरमपोरा गांवमें घेराबंदी कर अन्वेषण अभियान आरम्भ किया था । उन्होंने बताया कि अन्वेषणके मध्य आतंकवादियोंने सुरक्षा बलोंपर गोलियां चला दी, जिससे मुठभेड आरम्भ हुई । सुरक्षा बलोंने भी इसका प्रखर उत्तर भी दिया । पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) स्वयं प्रकाश पाणिने बताया कि मुठभेडमें छह आतंकवादी मारे गए ।
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply