अगस्त १७, २०१८
जम्मू-कश्मीरके कुपवाडा प्रान्तमें आतंकियोंके साथ भिडन्तमें सेनाका एक जवान हुतात्मा हो गया ! पुलिसके एक अधिकारीने शुक्रवारको बताया कि सुरक्षा बलोंको कुपवाडाके हंदवाडा क्षेत्रके काचलू गांवमें आतंकियोंकी उपस्थितिकी सूचना मिली थी, जिसके पश्चात उन्होंने घेराबंदी और अन्वेषण अभियान चलाया था।
विशेष सूचना मिलनेपर सुरक्षाबलोंने क्रलगुन्द क्षेत्रके कचलू गांवको चारों ओर से घेर लिया । अधिकारीने बताया कि जब सुरक्षा बल अन्वेषण अभियान चला रहे थे, तब आतंकियोंने उन पर गोलीबारी आरम्भ कर दी, जिसमें एक जवान चोटिल हो गया । चोटिल जवानको सेनाके ‘९२ बेस चिकित्सालय’ ले जाया गया; लेकिन जवानकी मृत्यु हो गई ! मारे गए जवानका संज्ञान राम बाबू सहायके रूपमें हुआ । अभियान समाप्त कर दिया गया है । पुलिस अधिकारीने कहा, आतंकवादी भागनेमें सफल रहे । सेनाके प्रवक्ताने कहा कि क्षेत्रकी घेराबन्दी करके आतंकवादियोंके विरूद्ध व्यापक अन्वेषण अभियान चलाया गया है ।
उत्तर कश्मीरके बान्दीपोरा क्षेत्रमें शुक्रवारको सुरक्षा बलों और आतंकवादियोंके मध्य भिडन्त आरम्भ हो गई । आधिकारिक सूत्रोंने बताया कि बान्दीपोर के हाजीनमें आतंकवादियोंके उपस्थित होनेकी गुप्त सूचनाके पश्चात पुलिसके विशेष अभियान दल (एसओजी), सेना और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बलने संयुक्त रूपसे अन्वेषण अभियान चलाया था । इसी मध्य स्थानीय लोगोंने बाधा पहुंचानेका प्रयास किया । इस मध्य सुरक्षा बलों और स्थानीय लोगोंके मध्य भारी झडप भी हुई । सूत्रोंके अनुसार, सुरक्षा बल एक विशेष क्षेत्रकी ओर बढ रहे थे कि आतंकवादियोंने उन पर स्वचालित शस्त्रोंसे प्रहार कर दिया । सुरक्षा बलोंने भी प्रत्युत्तरमें गोलियां चलाई, जिससे भिडन्त आरम्भ हो गई । इस मध्य सुरक्षाबलोंपर पथराव कर रहे प्रदर्शनकारियोंको तितर-बितर करनेके लिए सुरक्षा बलोंको आंसू गैसके गोले छोडने पडे ।
जम्मू कश्मीरमें पुलवामाके अवन्तिपुर में एक पुलिस प्रतिष्ठानपर शुक्रवारको आतंकवादियोंके हथगोलेसे किए प्रहारमें चार नागरिक चोटिल हो गए ! एक पुलिस अधिकारीने बताया कि आतंकवादियोंने प्रान्तीय पुलिस कार्यालयके मुख्य द्वारपर हथगोला फेंका; लेकिन वह लक्ष्य चूक गया और सडकपर जाकर फटा । इस विस्फोटमें चार नागरिक चोटिल हो गए ! उनमें एककी स्थिति संवेदनशील है ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply