जुलाई २५, २०१८
जम्मू-कश्मीरमें सुरक्षाबलोंने भिडन्तमें दो आतंकियोंको ढेर कर दिया है । आज सुबह से आतंकियों और सुरक्षाबलोंके मध्य भिडन्त जारी थी । आतंकियोंकी सूचनापर सुरक्षाबलोंने उस क्षेत्रमें घेराबन्दीकी थी ।
आपको बता दें कि अनन्तनागमें यह भिडन्त चल रही है और अनन्तनागके लालचौक क्षेत्रमें एक घरके अन्दर ये आतंकी छिपे है ।
सूचना मिली है कि ये आतंकी ‘लश्कर-ए-तैयबा’के हैं । बताया जा रहा है कि सुबह ४ बजे से ही सुरक्षाबलों और आतंकियोंके मध्य गोलीबारी हो रही है । तनावको देखते हुए जालस्थल सेवापर भी प्रतिबन्ध कर दिया गया है ।
वहीं श्रीनगरमें सचिवालयसे ३०० मीटर दूर बटमालू क्षेत्रमें मंगलवारको ‘सीआरपीएफ’ दलपर आतंकियोंने आक्रमण कर दिया, जिसमें एक जवान हुतात्मा हो गया, जबकि दो अन्य चोटिल हो गए ! आक्रमणके तुरन्त बाद पूरे क्षेत्रको घेरकर अन्वेषण अभियान चलाया गया ।
इसका उत्तरदायित्व आतंकी संगठन ‘हिजबुल मुजाहिदीन’ने लिया है । बटमालू क्षेत्रमें आतंकियोंने मंगलवार शाम लगभग चार बजे वहां तैनात ‘सीआरपीएफ’ दलको लक्ष्य बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें तीन जवान चोटिल हो गए, जिन्हें तुरन्त चिकित्साके लिए निकटवर्ती चिकित्सालय ले जाया गया ।
चिकित्साके मध्य एक जवान हुतात्मा हुआ । ‘सीआरपीएफ’के प्रवक्ता संजय शर्माने बताया कि आक्रमणमें ‘सीआरपीएफ’की २३ दलका (बटालियन) सैनिक शंकर लाल बराला (राजस्थान निवासी) हुतात्मा हो गया । दो अन्य चोटिल जवानों अब ठीक हैं ।
आक्रमणके तुरन्त बाद सीआरपीएफ और पुलिसके उच्च अधिकारियोंने पहुंचकर घटनाकी जानकारी ली । पूरे क्षेत्रको घेरकर एक घण्टेतक अन्वेषण अभियान चलाया गया; क्योंकि उन्हें शंका थी कि आतंकी आसपास ही कहीं रूके लिए हुए हैं ।
नगरके लगभग सभी प्रवेश और निकासी द्वारको बन्दकर खोज की गई । यद्यपि, आतंकियोंका कोई साक्ष्य नहीं लग सका ।
इससे पूर्व आतंकियोंने १५ जूनको बटमालूसे कुछ किलोमीटर दूर करन नगर क्षेत्रमें जम्मू कश्मीर पुलिसके जवानोंको लक्ष्य बनाया था । इसमें दो जवान चोटिल हुए थे, जिनमें से एकने बादमें प्राण त्याग दिए थे ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply