सितम्बर १६, २०१८
योगगुरु बाबा रामदेवने चेताया है कि देशभरमें महंगाईपर यदि नियन्त्रण नहीं किया गया तो अगले मतदानमें मोदी शासनके लिए यह विकट सिद्ध होगा ! रामदेवने यह भी कहा कि वह २०१९ में बीजेपीके पक्षमें प्रचार नहीं करेंगे, जैसा २०१४ के मतदानमें उन्होंने प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदीके पक्षमें सक्रियता से प्रचार किया था ।
उन्होंने एक कार्यक्रममें कहा, “कई लोग मोदी शासनकी नीतियोंकी सराहना करते हैं; लेकिन अब उसमें सुधारकी आवश्यकता है, महंगाई बहुत बडा मुद्दा है और मोदीजीको शीघ्र सुधारात्मक पग उठाने होंगे । ऐसा करनेमें विफल रहनेपर महंगाईकी आग मोदी शासनको बहुत भारी पडेगी ! प्रधानमन्त्रीको पेट्रोल और डीजलका मूल्य सहित महंगाईको कम करनेके लिए पग उठाना आरम्भ करना होगा !”
रामदेवने उस प्रश्नको टाल दिया कि क्या उनका मोदी शासनमें अब भी विश्वास है, जैसा उन्होंने २०१४ में दिखाया था । उन्होंने कहा कि वह मध्यमार्गी हैं और वह न तो दक्षिणपन्थी हैं और न ही वामपन्थी हैं । किसीको भी उन्हें कुरेदना नहीं चाहिए, क्योंकि उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रकरणपर ‘मौन योग’ धारण कर लिया है । रामदेव ने यह भी कहा कि वह प्रखर राष्ट्रवादी हैं ।
यह पूछे जानेपर कि क्या वह भाजपाके लिए प्रचार करेंगे तो उन्होंने कहा, “मैं क्यों करूंगा ? मैं उनके लिए प्रचार नहीं करूंगा ! मैं राजनीतिसे अलग हो चुका हूं मैं सभी दलोंके साथ हूं और मैं निर्दलीय हूं ।”
योग गुरुने कहा कि प्रधानमन्त्री मोदीकी आलोचना करना लोगोंका मौलिक अधिकार है । रामदेवने कहा कि ‘स्वच्छ भारत मिशन’ आरम्भ करके और कोई बडा भ्रष्टाचार नहीं होने देकर उन्होंने अच्छा काम किया है । उन्होंने कहा कि शासनको पेट्रोल और डीजलको ‘माल एवं सेवा कर’के अन्तर्गत लाना चाहिए और उन्हें इसे सबसे निचली श्रेणीमें लाना चाहिए, क्योंकि लोगोंकी जेब रिक्त हो रही है ! उन्होंने कहा कि राजस्व हानिके कारण देश चलना बन्द नहीं हो जाएगा और इसकी पूर्ति अमीरोंपर अधिक कर लगाकर की जा सकती है ।
रामदेवने यह भी कहा कि बलात्कारके बढते प्रकरणके कारण कुछ लोगोंद्वारा भारतको ‘रेप कैपिटल’ बताया जाना लज्जाजनक है !
“खरा शिक्षक वही है, जो मध्यस्थ रहकर समाजको दिशा दे; अतः बाबा रामदेवका कथन उचित है ।” – सम्पादक, वैदिक उपासना पीठ
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply