अगस्त ८, २०१८
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीरमें आंतकियोंके विरूद्ध चलाए जा रहे अभियानमें सेनाको बुधवारको एक बडी सफलता हाथ लगी है । बारामूलाके वनमें सुरक्षा बलोंने भिडन्तमें ४ आतंकियोंको मार गिराया है । इस घटनामें एक सैनिक भी चोटिल हो गया है । सेना और आतंकियोंके मध्य देर शामतक भिडन्त जारी थी ।
एक पुलिस अधिकारीने बताया कि बारामूलाके लादूराके वनमें आतंकवादियोंकी उपस्थितिके बारेमें सूचना मिली थी, जिसके पश्चात सुरक्षा बलोंने सोमवारको बारामूलाके रफियाबादमें अन्वेषण अभियान चलाया । अन्वेषण अभियान जारी रहनेके मध्य बुधवारको घने वनमें सेना और आतंकवादियोंके मध्य गोलीबारी हुई । इसमें एक सैनिक चोटिल हो गया । सुरक्षाकी दृष्टिसे क्षेत्रकी जालस्थल सेवाओंको स्थगित कर दिया गया है । सेनाने क्षेत्रमें अन्वेषण अभियान भी चलाया हुआ है ।
इसमें सेनाके साथ जम्मू-कश्मीर पुलिसके जवान भी हैं । सेनाके एक अधिकारीने बताया कि अभियानमें चार आतंकी मारे गए ! सेना यहां पिछले सोमवारसे आतंकियोंकी खोजमें जुटी हुई थी ।
इससे पूर्व ३ अगस्तको भी सेनाने यहां तीन आतंकवादियोंको मार गिरानेमें सफलता प्राप्त की थी । इस घटनामें दो सैनिक भी चोटिल हुए थे । यह भिडन्त बेहरामपोरा गांवमें हुई थी । मारे गए आतंकवादियोंमें से एक सोपोर क्षेत्रसे था ।
स्रोत : आजतक
Leave a Reply