जून १५, २०१८
कर्नाटकमें ‘भारतीय जनता युवा मोर्चा’के महासचिव तेजस्वी सूर्याका कहना है कि बीजेपीको खुलकर हिन्दुओंका पक्षकार बनना चाहिए । उन्हें ऐसा करनेमें किसी बातका संकोच नहीं करना चाहिए । तेजस्वी सूर्याने स्पष्ट शब्दोंमें कहा कि कांग्रेस मुसलमानोंका दल है । तेजस्वी सूर्याने ‘एकके बाद एक’ निरन्तर कई ‘ट्वीट’ कर कहा कि भाजपाको हिन्दुओंकी समस्याओंमें कमी लानेके लिए केवल वक्तव्य देनेके स्थानपर ठोस वैधानिक पग उठाने चाहिए । कांग्रेसके जयानगर विधानसभापर विजय करनेके पश्चात सूर्याने बुधवारको ये ‘ट्वीट’ किए । बता दें जयानगरकी सीटपर उपचुनाव हुआ था । इस उपचुनावमें कांग्रेसने बीजेपीसे यह क्षेत्र छीन लिया है । भाजयुमो महासचिव तेजस्वी सूर्याने कहा कि जयानगरके मुस्लिम बहुल क्षेत्रोंमें ९० प्रतिशत मत कांग्रेसके पक्षमें गए, जबकि हिन्दू क्षेत्रोंमें हिन्दुओंके मत भाजपा और कांग्रेसमें बंट गए । सूर्याने दावा किया कि मुस्लिम वोटोंके एकीकरणके कारण ही कांग्रेसने जयानगर क्षेत्रमें विजय प्राप्त की । उन्होंने आक्षेप किया कि हिन्दू कई तरहके संवैधानिक भेदभावके शिकार हैं और केन्द्रको उसे शक्तिशाली करना चाहिए ।
बता दें कि कर्नाटकके जयानगर विधानसभा क्षेत्र कांग्रेसके आर रामलिंगाकी पुत्री सौम्या रेड्डीने भाजपासे छीन लिया है । दक्षिणी बेंगलुरुके जयानगर क्षेत्र बीजेपीका शक्तिशाली क्षेत्र था, गत १० वर्षोंसे यह भाजपाके पास था । सौम्याने बीजेपी उम्मीदवार बीएन प्रह्लादको ३७७५ मतोंसे पराजित किया । बता दें कि जयानगर क्षेत्रमें तत्कालीन विधायक और बीजेपी उम्मीदवार बीएन विजयकुमारके निधनके कारण मतदान टाल दिए गए थे ।
बीजेपीने ‘सहानुभूति फैक्टर’को ध्यान में रखकर इस क्षेत्रसे बीएन विजयकुमारके भाई बीएन प्रह्लादको उतारा था; लेकिन परिणामने भाजपा पराजित हुई । जयानगर विधानसभा क्षेत्रमें विजयके साथ कांग्रेसने बेंगलुरुमें अपना स्थान बनाए रखा ।
स्रोत : जनसत्ता
Leave a Reply