अक्तूबर २७, २०१८
पाकिस्तानकी ओरसे निरन्तर होते आक्रमण और घुसपैठके प्रयासके मध्य सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावतने कडी चेतावनी दी है । रावतने कहा कि यदि पाकिस्तान अपने कृत्योंसे पीछे नहीं हटा तो भारतके पास भी कई विकल्प खुले हैं । पाकिस्तान ये बात अच्छी प्रकार जानता है कि वो अपने नापाक कृत्योंमें कभी सफल नहीं हो पाएगा; इसलिए अच्छा है कि वो मान जाए, अन्यथा भारत उसे मुंहतोड उत्तर देनेमें सक्षम है ।
जम्मू-कश्मीरमें पत्थरबाजोंके प्रहारमें हुतात्मा हुए सैनिकको लेकर भी बिपिन रावतने वक्तव्य दिया है । इन्फैंट्री दिवसके अवसरपर इंडिया गेटपर अमर जवान ज्योतिपर हुतात्माओंको श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे रावतने कहा, पत्थरबाजोंके प्रहारमें हुतात्मा हुआ जवान सडक बना रही बॉर्डर रोड टीमकी रक्षा कर रहा था; लेकिन पत्थरबाजोंने उसपर प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई !, फिर भी लोग कहते हैं कि पत्थरबाजोंको आतंकीका सहयोगी ना माना जाए !
उल्लेखनीय है कि गुरुवार, २५ अक्तूबरको सीमा संगठनके (बीआरओ) दलको सुरक्षा प्रदान कर रहे सैनिक राजेन्द्र सिंहपर आक्रमण उस समय हुआ, जब दल एनएच-४४ के निकट अनन्तनाग बाइपास तिराहेसे गुजर रहा था ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply