नवम्बर ७, २०१८
बिहारके बक्सर जनपदके डुमरांव थाना स्थित कसियां गांव निवासी शैलेन्द्र जब भारतीय सेनामें सम्मिलित हुए तो पूरा परिवार प्रसन्न था । सोमवार, ५ नवम्बर प्रातः जब उनकी मृत्युका समाचार गांव पहुंचा तो पूरा गांव शोकमें डूब गया । सूचना मिली कि सैनिक कार्यवाहीके मध्य वे ट्रकसे एक अभियानपर जा रहे थे तो श्रीनगरमें उनका ट्रक फिसलकर नीचे जा गिरा !
इस दुर्घटनामें शैलेन्द्र कुमार सिंहकी मृत्यु हो गई ! जानकारीके अनुसार पांच वर्ष पूर्व ही उनकी नौकरी लगी थी । वे राष्ट्रीय राइफलमें तैनात थे । तीन वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था, लेकिन ऐसा होगा यह किसीको ज्ञात नहीं था ।
वहीं, इस घटनाको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषदके (एबीवीपी) कार्यकर्ताओंने बक्सरके पिपरपाती रोडमें सैनिकोंकी स्मृतिमें सैकडोंदीप जलाकर श्रद्धांजलि दी । इस श्रधांजलि सभामें पहुंचे एबीवीपीके छात्र त्रिभुवन पांडेयने बताया कि हम हुतात्माओंके बलिदानको स्मरण करते हुए उनके सम्मानमें दीप जलाकर श्रद्धांजलि देनेके लिए उपस्थित हुए हैं । भारतीय सैनिकोंकी सोच और सपनोंका देश बने इसको लेकर निरन्तर प्रयास भी कर रहे हैं ।
कसिया गांव निवासी बीरेन्द्र सिंहके सैनिक पुत्र श्रीनगरमें कार्यके समय हुतात्मा हो गए । इससे मर्माहत लोगोंका कहना है कि जनपदका एक और लाल देशके काम आया ।
स्रोत : जी न्यूज
Leave a Reply