अगस्त १२, २०१८
चाय मीठी होनेपर क्रोधित पतिने पत्नीसे ‘तलाक तलाक-तलाक’ बोलकर सारे सम्बन्ध समाप्त कर दिए ! जब पीडिताकी पुलिसने सुनवाई नहीं की तो उसने ‘मेरा हक फाउण्डेशन’की अध्यक्षा फरहत नकवीसे सहायता मांगी है ।
रोहली टोलाकी नूरी अफ्शाका विवाह मोहल्लेके ही रिजवानके साथ १२ अप्रैल २०१७ को हुआ था । विवाहके बाद से ही छोटी-छोटी बातोंको लेकर दोनोंके मध्य अनबन होने लगी थी । आरोप है कि दहेजकी मांग की जा रही थी ! मांग पूरी न होनेपर पीडिताके साथ मारपीट आरम्भ कर दी गई ! पीडिताका आरोप है कि कई बार मारपीट कर घरसे निकाल दिया गया ! कुटुम्बने मध्यस्थको साथ लेकर सन्धि कर पुनः ससुराल भेज दिया ।
नूरीके अनुसार शुक्रवार प्रातः जब चाय लेकर गई तो रिजवान चायमें शक्कर अधिक होनेकी बात कहकर गाली देने लगा । तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ बोल दिया ! इसके पश्चात कक्षमें बन्द कर चले गए ! पडोसन महिलाने कक्षका द्वार खोला । इसके बाद नूरीने चाची गुड्डीको चलभाषपर प्रकरणकी जानकारी दी । पीडिताने बताया कि सूचना मिलनेपर भाई सुहान मिलने आया । भाईने रो रही बहनको चुप कराया ।
नूरीने बताया कि जब वह अपना सामान रख रही थी तो रिजवानने १०० नम्बर मिलाकर पुलिस बुला ली । भाईको चोर बताकर गिरफ्तार करा दिया । पुलिस भाईको बारादरी थाना ले गई । वहां जाकर नूरीने पुलिसको सच्चाई बताई । कुटुम्बके शेष लोग भी वहां पहुंच गए । रिजवानके विरूद्ध थानेमें परिवाद दी गई, परन्तु पुलिसने कार्यवाही नहीं की है । इसके पश्चात नूरीने ‘मेरा हक फाउण्डेशन’की फरहत नकवीसे सहायता मांगी है ।
फरहत नकवीने बताया कि पीडिताके साथ उसका पति पहले से मारपीट करता आ रहा था । शुक्रवारको चाय मीठी हो जाने पर वो नाराज हो गया और तलाक दे दिया । पीडिता न्यायके लिए लडाई लड रही है; इसलिए हमारा संगठन उसकी मदद करेगा !
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply