जुलाई १९, २०१८
छत्तीसगढके नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्रमें सुरक्षा बलोंके साथ भिडन्तमें आठ नक्सली मारे गए हैं । मारे गए नक्सलियोंमें तीन महिलाएं भी सम्मिलित हैं । दोनों पक्षोंके बीच अभी गोलीबारी जारी है । बताया जा रहा है कि यह भिडन्त दन्तेवाडा-बीजापुर सीमाके निकट गुरुवार प्रातः तिमेनारके वन्य क्षेत्रमें हुई । सुरक्षा बलोंने क्षेत्रको घेर रखा है ।
बताया जा रहा है कि ‘डिस्ट्रिक रिजर्व गार्ड’ और एसटीएफके जवानोंकी सुबह नक्सलियोंके साथ भिडन्त आरम्भ हो गई । दोनों पक्षोंकी गोलीबारीमें अब तक ८ नक्सली मारे गए हैं । उनके पास दो इंसास बन्दूकें, दो थ्री नॉट थ्री बन्दूकें और एक अन्य बन्दूक मिली है । दोनों पक्षोंके मध्य भिडन्त अभी जारी है ।
इससे पहले छत्तीसगढके राजनांदगांवमें बुधवारको सुरक्षा बलोंके साथ हुई भिडन्तमें एक महिला नक्सली मारी गई । मारी गई महिला नक्सलीपर पांच लाख रुपएका पुरस्कार था । पुलिस अधीक्षक प्रशान्त अग्रवालने बताया कि जिला बल और भारत तिब्बत सीमा पुलिसने (आईटीबीपी) कोण्डल पहाडियोंके पास वनमें एक नक्सल विरोधी अभियान चलाया था । सुबह साढे आठ बजे आईटीबीपी और नक्सलियोंके बीच भिडन्त हुई ।
सुरक्षा कर्मी जब कोण्डल पहाडियोंकी घेराबन्दी कर रहे थे, तब नक्सलियोंने गोलियां चलानी आरम्भ कर दीं । प्रत्युत्तरमें सुरक्षाबलोंकी ओरसे भी गोलीबारीकी गई । गोलीबारी शान्त हुई तो सुरक्षाबल धीरे-धीरे आगे बढे और वहां एक महिलाका शव मिला । महिलाका संज्ञान जरीनाके रूपमें हुआ है । बताया जा रहा है कि वह नक्सलियोंके ‘ओन्धी-मोहला संयुक्त क्षेत्र समिति’की सदस्या थी । उन्होंने बताया कि मौके से १२ बोरकी एक बंदूक और नक्सलियोंसे सम्बन्धित सामग्री भी मिली है ।
एसपीने बताया कि बीजापुर प्रान्तकी निवासी जरीना वर्ष २००५ से संगठनकी गतिविधियोंमें सक्रिय थी । मानपुर उप सम्भागके कई पुलिस थानोंमें उसके विरुद्ध पुलिस दलपर आक्रमण करने सहित १६ अभियोग है ।
स्रोत : नवभारतटाइम्स
Leave a Reply