नवम्बर २१, २०१८
अमृतसरके गांव अदीलवालमें निरंकारी भवनमें आतंकी आक्रमणके पश्चात पंजाबकी पुलिस व गुप्तचर विभाग सक्रिय हो गए हैं । एनआईएके दल भी पंजाबपर दृष्टि रखे हुए हैं । सूत्रोंके अनुसार सेना अधिकारियोंके पास जो नूतन सूचनाएं हैं, उनसे ज्ञात हुआ है कि पंजाब और हरियाणामें स्थित सेनाके प्रमुख स्थानोंपर आतंकी आक्रमण करनेकी योजना बना रहे हैं । इसके लिए पाकिस्तानका आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और खालिस्तानी आतंकी अपने गुर्गोंको आदेश दे रहे हैं !
इसके अतिरिक्त पंजाबमें जो आतंकी सीमा पारसे घुसे हैं, उनका उद्देश्य पंजाब-हरियाणामें बडे स्तरपर हानि करना है, जिससे दोनों राज्योंमें भयका वातावरण पैदा किया जा सके । यद्यपि इसप्रकारकी सूचनाएं मिलनेकी सेनाके किसी भी अधिकारीने पुष्टि नहीं की है, लेकिन सूत्रोंसे ज्ञात हुआ है कि पंजाब और हरियाणामें जो सेनाके प्रमुख ठिकाने हैं, उनकी सेनाके अधिकारियोंने सुरक्षा बढा दी है । पंजाबके बठिंडा और पटियालामें सेनाकी प्रमुख छावनियां हैं । यहां सुरक्षा और कडी कर दी गई है ।
वहीं हरियाणाके पानीपतके समालाखामें निरंकारी समुदायके लोगोंकी ओरसे २४ से २६ नवम्बर तक कराए जाने वाले समागमको लेकर हरियाणा सरकारने बडे स्तरपर सुरक्षा व्यवस्था करनी आरम्भ कर दी है । सूत्रोंसे ज्ञात हुआ है कि समागमकी सुरक्षाके लिए हरियाणा पुलिसने विशेष व्यवस्था की हैं ।
स्रोत : अमर उजाला
Leave a Reply