विद्युत ‘कम्पनी’ने बनाया भगवान चित्रगुप्तका आपत्तिजनक व्यंग्यचित्र (कार्टून), मध्य प्रदेशके मन्त्रीने प्रदर्शित किया विरोध
२५ अगस्त, २०२१
मध्य प्रदेश विद्युत वितरण ‘कम्पनी’, भोपालद्वारा विद्युत चोरी और ‘बकाएदारों’से ‘बिल’का भुगतान करनेके लिए ऐसी धृष्टता की गई, जिसका अत्यधिक विरोध किया जा रहा है । विद्युत ‘कम्पनी’ने भगवान चित्रगुप्तका व्यंग्यचित्र बनाया है । उसको लेकर विरोध आरम्भ हो गया है । इस घटनाको प्रदेशके चिकित्सा शिक्षा मन्त्री विश्वास सारंगने हिन्दुओंकी भावनाओंका अपमान बताते हुए अधिकारियोंके विरुद्ध कार्रवाई करनेकी बात कही है ।
वस्तुतः, विद्युत चोरी और विद्युत शुक्लकी शेष राशिके भुगतानको लेकर मध्य प्रदेश विद्युत वितरण ‘कम्पनी’ने ‘सोशल मीडिया’पर एक व्यंग्यचित्र साझा किया था । इस व्यंग्यचित्रमें यमराज और चित्रगुप्तको दिखाया गया है । इसमें एक सूचीको अपने हाथमें लिए चित्रगुप्तसे यमराज पूछते हैं कि अन्ततः इतनी दीर्घ सूची किसकी है ? उत्तरमें चित्रगुप्तजीने कहा, “ये विद्युत चोरी करनेवालोंकी सूची है । इन्हें नरकमें ४४० ‘वोल्ट’का ‘झटका’ दिया जाएगा ।”
इस घटनाको लेकर विश्वास सारंगका कहना है कि अनेक लोगोंद्वारा हिन्दू-देवी देवताओंका अपमान इस देशमें बार-बार होता है; किन्तु ऐसा प्रथम बार है कि किसी शासकीय विभागने ऐसा कृत्य किया है । सारंगने कहा कि उन्होंने इस घटनाको लेकर मुख्यमन्त्री शिवराज सिंह चौहानको पत्र लिखकर आरोपितोंके विरुद्ध कठोर कार्रवाईकी मांग की है । इस घटनासे कायस्थ समाज आक्रोशित है; क्योंकि ये लोग चित्रगुप्तजीको अपना आराध्य मानते हैं ।
धनार्जन ही जिनका मूल उद्देश्य हो, ऐसे लोग और उनकेद्वारा संचालित उद्योग अपनी स्वार्थ सिद्धि हेतु हिन्दू देवी-देवताओंका अपमान करनेसे भी पीछे नहीं हटते है । शासनको चाहिए कि वह ऐसे हिन्दू द्रोहियोंपर कठोर कार्रवाई करे, जिससे समाजमें यह स्पष्ट सन्देश जाए कि भारतमें रहकर हिन्दुओंकी आस्थापर आघात अब सहन नही किया जाएगा । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
Leave a Reply