नवम्बर २५, २०१८
जम्मू-कश्मीरके शोपियां जनपदमें रविवार, २५ नवम्बरको सुरक्षा बलोंके साथ मुठभेडमें छह आतंकवादी मारे गए और इस मध्य एक सैनिक भी हुतात्मा हो गया ! पुलिसके एक अधिकारीने बताया कि दोनों ओर से हुई गोलीबारीमें एक नागरिककी भी मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य स्थानीय लोग चोटिल हो गए, जिससे युवकों और सुरक्षा बलोंके मध्य भीषण झडप हो गई ।
अभियानकी सूचना देते हुए अधिकारीने बताया कि आतंकवादियोंकी उपस्थितिके सम्बन्धमें गुप्त जानकारीके आधारपर सुरक्षाबलोंने देर रात्रि हिपुरा बाटागुंड गांवमें घेराबंदी कर अन्वेषण अभियान आरम्भ किया था । उन्होंने बताया कि अन्वेषणके मध्य आतंकवादियोंने सुरक्षा बलोंपर गोलियां चलाई, जिससे अभियान मुठभेडमें परिवर्तत हो गया ।
अधिकारीने कहा, आरम्भमें ३४-आरआरका एक सैनिक चोटिल हो गया था । सैनिकको तुरंत चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है । यद्यपि, ३४-आरआरका एक सैनिक नजीर अहमदने, जो गम्भीर रूपसे चोटिल हो गया था, प्राण त्याग दिए ।
उन्होंने बताया कि मुठभेडमें छह आतंकवादी ढेर हो गए और उनके शव घटनास्थलसे प्राप्त कर लिए गए हैं । उन्होंने बताया कि आतंकवादियोंका अभिज्ञान किया जा रहा है और उनके संगठनके बारेमें ज्ञात किया जा रहा है । वहांसे भारी मात्रामें शस्त्र और विस्फोटक भी मिले हैं ! अधिकारीने बताया कि मुठभेडड स्थलके पास गोलीबारीमें पांच नागरिकोंको भी गोली लग गई !
पुलिस अधिकारीने बताया कि उन्हें चिकित्सालयमें भर्ती कराया गया, जहां एकने प्राण त्याग दिए । अन्यकी चिकित्सा जारी है ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply