गुजरातके भरूचमें कोविड चिकित्सालयमें भीषण आग लगनेसे १८ मृत
०१ मई, २०२१
गुजरातके भरूचमें पटेल ‘वेलफेयर’ चिकित्सालयके कोविड-१९ सेवा केन्द्रमें शुक्रवारको आग लगनेसे १८ लोग मृत हो गए हैं । मृतकोंमें १४ रुग्ण और २ उपचारिकाएं हैं, वहीं अन्य मृतकोंके विषयमें सूचना नहीं मिल पाई है । घटनाकी सूचना मिलते ही अग्निशामक दलके अनेक वाहन आग बुझाने पहुंच गए । एक घण्टेके भीतर आगपर नियन्त्रण पा लिया गया । साथ ही, आग बुझानेवालों और स्थानीय लोगोंकी सहायतासे लगभग ५० लोगोंको बचा लिया गया और उन्हें अन्य चिकित्सालयमें स्थानान्तरित किया गया है । भरूचके पुलिस अधीक्षक राजेंद्र सिंह चुडासमाने बताया कि गहन चिकित्सा इकाईमें (आईसीयूमें) लघु परिपथके (शॉर्ट सर्किटके) कारण आग लगी है । मृतकोंकी संख्यामें वृद्धि आशंकित है ।
कोरोना कालमें चिकित्सालयोंमें अग्निकाण्डोंके प्रकरणोंमें अपेक्षाकृत वृद्धि देखी गई है । चिकित्सा आपातकालके समय चिकित्सालयोंके उपकरणों व संयन्त्रोंपर व्यापक विद्युत अधिभार होना स्वाभाविक है । अतः रुग्णोंके सुरक्षित उपचार हेतु चिकित्सालयोंके विद्युत उपकरणों, विद्युत परिपथों व सम्पूर्ण व्यवस्थाकी गुणवक्ताका नियमित अवलोकन व अनुरक्षण करना चाहिए । त्रुटिपूर्ण व ढीलाईपूर्वक ‘रखरखाव’की स्थितिमें उत्तरदायी व्यक्तियोंपर कठोरतम कार्यवाही होनी चाहिए । – सम्पादक, वैदिक उपाासना पीठ
स्रोत : ऑप इंडिया
Leave a Reply