अगस्त ९, २०१८
कर्नाटकके मुख्यमन्त्री एचडी कुमारस्वामीके ७ मिनटके शपथ ग्रहण समारोहपर कर्नाटक शासनने ४२ लाख रुपए अपव्यय किए ! २३ मईको हुए इस समारोहमें १३ मोदी विरोधी दलोंके ४२ नेता पहुंचे थे । एक ‘आरटीआई’में उजागर हुआ कि अतिथियोंपर कितना अपव्यय किया गया । आन्ध्रके मुख्यमन्त्री चन्द्रबाबू नायडूने विश्रामालय ताज वेस्टमें २३ मईको सुबह लगभग १० बजे प्रवेश किया और २४ मई प्रातः ५:३४ पर बाहर आए अर्थात वे लगभग २० घण्टे होटलमें रहे । इस मध्य विश्रामालयका व्यय लगभग ८ लाख ७२ सहस्त्र ४८५ रुपए आया !
‘बेंगलुरु मिरर’के विवरणके अनुसार ‘आरटीआई’के उत्तरमें ज्ञात हुआ कि दिल्लीके मुख्यमन्त्री केजरीवालने भी विश्रामालय वेस्ट एण्डमें प्रवेश किया था । वे भी २० घण्टे ही रूके । उनका व्यय १.८५ लाख रुपए आया ! इनमें से ७६ सहस्त्र रुपए भोजनपर व्यय किए गए, वो भी दो घण्टेके भीतर !
‘स्टेट हॉस्पिटैलिटी ऑर्गनाइजेशन’ और कर्नाटक शासनसे मिले लिखित-पत्रोंके अनुसार, १३ मई २०१३ को सिद्धारमैया और १७ मई २०१८ को येदियुरप्पाके शपथ ग्रहणमें अतिथियोंको ठहरानेपर कोई व्यय नहीं किया गया । उधर, कुमारस्वामीके शपथ ग्रहणमें दो पांच सितारा विश्रामालयमें अतिथियोंको ठहराने और भोजनका व्यय ३७,५३,५३६ रुपए बना । विधानसभा हॉलमें हाई-टीपर ४,३५,००१ रुपए व्यय किए गए । इस कार्यक्रममें ४२ गैरभाजपाई नेताओंको आमन्त्रित किया गया था ।
स्रोत : दैनिक भास्कर
Leave a Reply