अगस्त ४, २०१८
मदुरैके मरुधनकुलममें एक साथ इतनी बडी संख्यामें राष्ट्रीय पक्षियोंके मरे मिलने से गांव भरमें सन्नाटा है । शनिवार सुबह गांवमें ४७ मोर शव मिले हैं ! गांव वालोंने वन विभागके अधिकारियोंको प्रकरणकी सूचना दी है ।
वन विभागके अधिकारी एस अरुमुगमने कहा कि जहां मोर मृत मिले हैं उसके आसपास कृषि भूमि नहीं है । ऐसेमें प्रतीत होता है कि किसीने विष युक्त धान वहां रखे थे । वन विभागने घटनास्थलसे धानके नमूने जांचके लिए रखे हैं । इन शवोंका परीक्षण कराया जाएगा ताकि मृत्युका कारण पता चले । ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि राष्ट्रीय पक्षियोंकी मृत्यु विष युक्त धान खाने से हुई है ।
अरुमुगमने बताया कि आस पास कोई खेतन होनेके कारण मोर यहां (विकसित होती रिहाइश) भोजनकी खोजमें आते थे । यहां रहने वाले लोग दाना डालते थे, जिन्हें चुगकर मोर वापस लौट जाते । अरुमुगम बताते हैं कि यहां प्रतिदिन लगभग ८० मोर आते थे । गत वर्षोंमें इनकी संख्यामें वृद्धि हुई थी ।
राष्ट्रीय पशु मोर ‘वन्यजीव सुरक्षा अनिधिनयम’की प्रथम अनुसूचीमें आता है । इसके अन्तर्गत इसकी मृत्युके लिए उत्तरदायी व्यक्तिको तीन से सात वर्षका कारावास हो सकता है । साथ ही दोषीपर दस सहस्त्र रुपयेका अर्थदण्ड भी लगाया जा सकता है ।
स्रोत : लाइव हिन्दुस्तान
Leave a Reply